शाहजहांपुर डबल मर्डर केस में 6 को उम्रकैद, पत्नी के अफेयर ने ली दो जिंदगियां

UP News: शाहजहांपुर में प्रेम संबंध ने दो परिवारों को उजाड़ दिया. पहले प्रेमी की निर्मम हत्या हुई, फिर बदले की आग में प्रेमिका की भी जान ले ली गई. 4 साल बाद कोर्ट ने 6 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई.

UP News: प्रेम प्रसंग से शुरू हुई रंजिश आखिरकार दोहरे हत्याकांड में बदल गई और अब इस सनसनीखेज मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। शाहजहांपुर की कोर्ट ने डबल मर्डर केस में छह दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए उन पर जुर्माना भी लगाया। अदालत का यह फैसला करीब चार साल पुराने उस हत्याकांड पर आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।

55-55 हज़ार रुपये का अर्थदंड भी लगा

करीब चार साल पहले हुए इस चर्चित हत्याकांड में अदालत ने दोनों पक्षों की भूमिका का विस्तार से परीक्षण किया. वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य सबूतों और गवाहों के आधार पर अदालत इस निष्कर्ष पर पहुंची कि दोनों हत्याएं अलग-अलग आरोपियों ने की थीं. इसके बाद कोर्ट ने सभी छह आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई. अपर सत्र न्यायाधीश नेहा आनंद की अदालत ने एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के दो आरोपियों को दोषी माना. कोर्ट ने चार दोषियों पर 25-25 हजार रुपये और दूसरे पक्ष के दो दोषियों पर 55-55 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया. फैसले के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

प्रेम प्रसंग बना खूनी रंजिश की वजह

सरकारी वकील विनोद शुक्ला के मुताबिक, मामला शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद क्षेत्र के डहर गांव का है. अभियोजन के अनुसार, ओमपाल कश्यप की पत्नी ममता का गांव के ही रहने वाले रमन पाल यादव से प्रेम प्रसंग था. दोनों दिल्ली में साथ काम करने गए थे. बाद में लॉकडाउन के दौरान दोनों गांव लौट आए, लेकिन गांव आने के बाद इस रिश्ते को लेकर लगातार तनाव और विवाद बढ़ता गया. ओमपाल अपनी पत्नी और रमन पाल के संबंधों से बेहद नाराज था. अभियोजन के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते 8 जून 2022 की शाम करीब 5:30 बजे ओमपाल अपने बेटों सोनू और अमित के साथ गांव के प्रमोद को लेकर खेत पर पहुंचा, जहां रमन पाल काम कर रहा था. आरोप है कि चारों ने कुल्हाड़ी, लाठी और डंडों से रमन पाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यहीं से पूरे डबल मर्डर की कहानी की शुरुआत हुई.

भाई की हत्या का बदला लेने के लिए महिला की कर दी हत्या

रमन पाल की हत्या की खबर मिलते ही उसके भाई सर्वेश और अजय खेत पर पहुंचे. अभियोजन के अनुसार, उन्होंने बदले की भावना में ओमपाल की पत्नी और रमन पाल की प्रेमिका ममता को निशाना बनाया. जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों ने ममता का उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद पूरे मामले को इस तरह पेश करने की कोशिश की गई, ताकि दोनों हत्याओं का आरोप ओमपाल और उसके परिवार पर ही लगे. इसी योजना के तहत रमन पाल के भाई सर्वेश ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि रमन पाल और ममता, दोनों की हत्या ओमपाल और उसके बेटों ने की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

पुलिस जांच में खुली पूरी सच्चाई

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और अन्य सबूतों का गहराई से विश्लेषण किया. विवेचना में यह साफ हो गया कि ममता की हत्या ओमपाल या उसके बेटों ने नहीं, बल्कि रमन पाल के भाई सर्वेश और अजय ने की थी. इसके बाद पुलिस ने सभी साक्ष्यों के आधार पर अदालत में चार्जशीट दाखिल की. ट्रायल के दौरान अभियोजन ने गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए पूरी घटना की कड़ी अदालत के सामने रखी.

कोर्ट ने दोनों पक्षों के दोष तय किए

सभी पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने के बाद अदालत ने रमन पाल की हत्या के लिए ओमपाल, उसके बेटे सोनू और अमित तथा प्रमोद को दोषी ठहराया. वहीं, ममता की हत्या के लिए सर्वेश और अजय को जिम्मेदार माना गया. अदालत ने सभी छह दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई और उन पर जुर्माना भी लगाया.

'फैसले से समाज में जाएगा सख्त संदेश'

सरकारी वकील विनोद शुक्ला ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय समाज के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है. उन्होंने कहा कि जब अपराध करने वालों को कानून के अनुसार सजा मिलती है तो लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि अदालत ने पूरी निष्पक्षता के साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फैसला सुनाया है. यह निर्णय साफ संदेश देता है कि प्रेम प्रसंग, रंजिश या बदले की भावना में कानून अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. अभियोजन का मानना है कि इस फैसले से समाज में अपराध के प्रति डर बढ़ेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने में भी मदद मिलेगी.

Also Read: अमरोहा में 3 सगी बहनों ने एक ही युवक से रचाई शादी, मंदिर की वायरल रील पर मचा हंगामा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >