Saharanpur Mosque Case : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद जुमे की नमाज को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस अलर्ट मोड पर है. गुरुवार शाम पुलिस अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी की गयी. साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है.
संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने किया पैदल मार्च
जुमे की नमाज से एक दिन पहले गुरुवार शाम जिले के आला अधिकारी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे. शहर के व्यस्त बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च और फ्लैग मार्च किया गया. इसमें विभिन्न थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा और शांति का संदेश दिया. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया पर भी नजर
पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की. अधिकारियों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. इसके साथ ही सोशल मीडिया की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. पुलिस ऐसे लोगों पर नजर रख रही है, जो अफवाह फैलाने या भ्रामक सामग्री के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं.
एएसपी बोले- जुमे की नमाज शांतिपूर्वक होगी
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस और शहर की पुलिस विशेष रूप से सतर्क रहती है. लगभग रोज हर थाना क्षेत्र में पैदल मार्च किया जाता है और आपराधिक गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाती है. उन्होंने बताया कि एसपी सिटी के स्तर से पूरे शहर सर्कल में पूरी फोर्स, चारों थानों की फोर्स, चारों एसएचओ और उनके द्वारा पैदल मार्च किया गया. इसका उद्देश्य लोगों के बीच शांति और सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है.
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर रहेगी नजर
एएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी संभावना या ऐसी कोशिश के खिलाफ पुलिस लगातार सतर्क है. इसके लिए इंटेलिजेंस स्तर पर निगरानी के साथ सोशल मीडिया को भी मॉनिटर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज शांतिपूर्वक होगी. पुलिस की ओर से सभी जरूरी लोगों से संवाद किया गया है और सम्मानित व्यक्तियों तथा समाज के आवश्यक लोगों तक पुलिस का संदेश पहुंचाया गया है. आने वाले त्योहार भी शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर पुलिस सतर्क है.
Also Read : UP में इन कॉलेजों का बुरा हाल, 1.15 लाख सीटें खाली, 76 हजार का रिकॉर्ड नहीं मिला, जाने पूरी खबर
