Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद सभी आठ आरोपियों की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं. एंटी करप्शन कोर्ट ने सोमवार को सुनवाई के बाद सभी आरोपियों की न्यायिक रिमांड 22 अगस्त तक बढ़ा दी है. कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था.
22 अगस्त तक जेल में रहेंगे सभी आठ आरोपी
रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद अभियोजन पक्ष ने अदालत से आरोपियों की न्यायिक रिमांड बढ़ाने की मांग की. अदालत ने अभियोजन की दलील पर सहमति जताते हुए सभी आठ आरोपियों की हिरासत 22 अगस्त तक बढ़ाने का आदेश दिया.
बचाव पक्ष ने एंटी करप्शन की धाराओं पर उठाया सवाल
वहीं, आरोपियों की ओर से पैरवी कर रहे लीगल डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता कुलशेखर सिंह ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है. बचाव पक्ष का कहना है कि आरोपियों पर लगायी गयी एंटी करप्शन की धाराएं सही नहीं हैं और मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के दायरे में नहीं आता.अधिवक्ता ने अदालत से इन धाराओं को हटाने की मांग की है. अदालत ने इस अर्जी पर सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख तय की है.
12 अगस्त को तय होगा धाराओं का भविष्य
अब 12 अगस्त की सुनवाई अहम मानी जा रही है. अदालत यह तय करेगी कि आरोपियों पर लगायी गयी एंटी करप्शन की धाराएं बरकरार रहेंगी या उन्हें हटाया जाएगा. इस फैसले पर मामले से जुड़े पक्षों की नजर टिकी है.
जांच भी जारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में जांच एजेंसियां पहले से ही जांच आगे बढ़ा रही हैं. इससे पहले पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर वाहन, आभूषण, नकदी और दस्तावेज बरामद किये जाने की जानकारी सामने आयी थी.
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में शिवकुमार तिवारी की तलवार से काटकर हत्या! पूरी घटना का VIDEO वायरल, इलाके में तनाव
