रक्षाबंधन पर घर जाने वालों के लिए राहत! UP में चलेंगी 4 हजार अतिरिक्त बसें, जानिए कब से मिलेगी सुविधा

Uttar Pradesh Bus Service: रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम अतिरिक्त बसें चलाने जा रहा है. 26 से 31 अगस्त तक निगम की सभी बसें सड़कों पर दिखेंगी, जिससे भीड़ के बावजूद यात्रियों को सुविधा मिलेगी.

Uttar Pradesh Bus Service: रक्षाबंधन पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है. त्योहार के दौरान बसों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है. इस दौरान निगम की सभी बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं. यात्रियों की सुविधा के साथ बस संचालन में जुटे कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि का ऐलान किया गया है.

सभी बसें होंगी ऑनरोड, प्रमुख रूटों पर बढ़ेंगी सेवाएं

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिया है कि रक्षाबंधन के दौरान निगम की शत-प्रतिशत बसें संचालित की जाएं. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर लखनऊ, कानपुर समेत प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था की जाएगी. परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन सिंह ने क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को यात्रियों की जरूरत के हिसाब से बसों की व्यवस्था करने को कहा है. खासतौर पर दिल्ली से पूर्वी यूपी जाने वाली बस सेवाओं में जरूरत के मुताबिक बदलाव किया जाएगा.

बस अड्डों पर पानी, रोशनी और सफाई का रहेगा खास इंतजाम

त्योहार के दौरान यात्रियों को बस अड्डों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यात्रियों के लिए पीने का साफ पानी, प्रतीक्षालय में पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. बसों के संचालन और उपलब्धता से जुड़ी जानकारी देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा. यात्रियों की संख्या और बसों की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जाएगी.

त्योहार में कर्मचारियों को छुट्टी देना होगा मुश्किल

रक्षाबंधन के दौरान बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश या साप्ताहिक विश्राम नहीं दिया जाएगा. सभी कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर पहले से तैयार करके नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा. इसके साथ ही बसों और उनके निर्धारित मार्गों की चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान परिवहन व्यवस्था सुचारु बनी रहे.

1800 किमी बस चलाने पर मिलेगा 1200 रुपये प्रोत्साहन

रक्षाबंधन के छह दिनों के दौरान 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. वहीं, संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किलोमीटर से ज्यादा बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन राशि मिलेगी.

तकनीकी कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा

परिवहन निगम की कार्यशालाओं में काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि तय की गई है. छह दिनों तक ड्यूटी पर उपस्थित रहने वाले तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. हालांकि, इसके लिए बस सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी होगा. यानी त्योहार के दौरान ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को सुगम और पर्याप्त बस सेवा उपलब्ध कराने पर पूरा जोर रहेगा.

यह भी पढ़ें: UP में अब कुत्ता-बिल्ली पालने के लिए भी लेना होगा लाइसेंस, 15 दिन के अंदर देनी होगी जानकारी, जाने पूरा नियम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >