संगम नगरी से राहुल गांधी भरेंगे युवाओं में जोश, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से करेंगे यूपी में चुनावी आगाज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी संगम नगरी प्रयागराज से पूर्वांचल के युवाओं के बीच अपनी बात रखेंगे. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में वह करीब दो घंटे छात्रों से सीधा संवाद करेंगे, जिसमें भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख होंगे.

UP News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज से पूर्वांचल के युवाओं के बीच अपनी बात रखेंगे. केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में वह करीब दो घंटे छात्रों से सीधा संवाद करेंगे. कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है. राजस्थान और उत्तराखंड के बाद कांग्रेस ने युवाओं से संवाद के लिए प्रयागराज को चुना है.

शाम 6:30 से 8:30 बजे तक छात्रों से सीधा संवाद

राहुल गांधी शाम 6:30 बजे केपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे और रात 8:30 बजे तक छात्रों से संवाद करेंगे. इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, भर्तियों में कथित भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. कांग्रेस ने इसे युवाओं से सीधे जुड़ने का बड़ा मंच बनाया है.

स्वराज भवन में भी नेताओं के साथ करेंगे मंथन

छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी अपने पैतृक आवास स्वराज भवन पहुंचेंगे. यहां वह करीब ढाई घंटे रुकेंगे. इस दौरान कांग्रेस के सांसदों, विधायकों, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे. कांग्रेस के कई बड़े नेता प्रयागराज पहुंच चुके हैं. शनिवार को प्रदेश के करीब 25 जिलों के शहर और जिला अध्यक्षों के अलावा कांग्रेस के सभी छह सांसद और कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.

प्रतियोगी छात्रों का बड़ा केंद्र है प्रयागराज

प्रयागराज को लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का शहर माना जाता है. यहां करीब दो लाख छात्र अलग-अलग डेलीगेसियों और हॉस्टलों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. इनमें बड़ी संख्या पूर्वांचल के युवाओं की है. इलाहाबाद विश्वविद्यालय भी लंबे समय से देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाता रहा है. इसके अलावा मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में देशभर से छात्र पढ़ने आते हैं.

लश्करी और एमसी अल्ताफ देंगे सांगीतिक प्रस्तुति

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत सांगीतिक प्रस्तुति से होगी. जेन-जी की पसंद को ध्यान में रखते हुए प्रख्यात पॉप सिंगर लश्करी और एमसी अल्ताफ को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया है. कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम में किसी तरह का पारंपरिक राजनीतिक भाषण नहीं होगा. राहुल गांधी सीधे छात्रों से संवाद करेंगे और उनके मुद्दों, समस्याओं और भविष्य से जुड़े सवालों पर चर्चा करेंगे.

पूर्वांचल के युवाओं पर कांग्रेस की नजर

प्रयागराज में होने वाला यह कार्यक्रम कांग्रेस की युवा रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं और पूर्वांचल के छात्रों के बीच पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर इसे देखा जा रहा है. ऐसे में राहुल गांधी का छात्र संवाद आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति का अहम हिस्सा बन सकता है.

Also Read : अतीक के जमींदोज घर से बेटे अबान का आखिरी सफर, आज पिता की कब्र के बगल में होगा दफन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >