UP News: जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-4 कोच में सफर कर रही एक 20 वर्षीय युवती ने शायद नहीं सोचा था कि उसका ट्रॉली बैग उसके राज खोल देगा. मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जब बैग की जांच की, तो उसमें से नौ बंडलों में छिपाकर रखा गया 11.53 किलो गांजा बरामद हुआ. पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. युवती वर्ष 2022 से इस अवैध कारोबार से जुड़ी थी और पहली बार कानून के शिकंजे में आई.
मुखबिर की सूचना पर बिछा जाल
रविवार को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम संदिग्ध यात्रियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-4 कोच में एक युवती गुलाबी ट्रॉली बैग के साथ सफर कर रही है. ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही टीम ने घेराबंदी की. युवती बाथरूम के पास से भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया.
बैग खुला तो सामने आया बड़ा राज
युवती ने पूछताछ में अपना नाम प्रीति गिरी, निवासी घरवाह, थाना जमालपुर बताया. सीओ जीआरपी और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज की मौजूदगी में ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई. बैग से खाकी टेप में लिपटे नौ बंडल मिले. तौलने पर इनका कुल वजन 11.530 किलो निकला.पुलिस ने बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 5.75 लाख रुपये बताई है.
संभलपुर से मिर्जापुर तक फैला नेटवर्क
पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि वह गांजा संभलपुर से लेकर मिर्जापुर आई थी. यहां इसकी बिक्री की तैयारी थी. पुलिस के अनुसार, वह दूसरे राज्यों से गांजा खरीदकर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करती थी. जीआरपी प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2022 से इस कारोबार में शामिल होने की बात कबूली है. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अब तलाश रही है कनेक्शन
युवती की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से कई अहम सुराग मिल सकते हैं.
Also Read: आरएलडी का नया राजनीतिक प्लान 2027: जाट केंद्र से 'सर्वसमाज' की राजनीति की ओर बढ़ता कदम
