UP News: पीलीभीत में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक पर लदा करीब एक क्विंटल संदिग्ध मांस बरामद किया. सावन के महीने में मांस तस्करी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. कार्रवाई के दौरान बाइक सवार कथित तस्कर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बरामद मांस का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है. अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.
शाहजहांपुर सीमा के पास पकड़ी गई बाइक
मामला सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव के पास का है. यह इलाका शाहजहांपुर जिले की सीमा से लगा हुआ है. रविवार रात करीब 10:30 बजे मांस से लदी बाइक को पकड़ा गया. हीरपुर गांव निवासी प्रवीण ने पुलिस को सूचना दी थी कि बाइक से मांस की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक बाइक को पकड़ रखा था.
बाइक छोड़कर फरार हुआ कथित तस्कर
पुलिस के पहुंचने से पहले ही बाइक सवार वहां से भाग निकला. मौके से बाइक और उसमें लदा मांस बरामद कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक बाइक में करीब 100 किलो मांस था. प्रतिबंधित पशु का मांस होने की आशंका के चलते पुलिस ने इसका सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है. अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
खुटार के जंगल से मांस लाने का आरोप
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कथित तस्कर खुटार क्षेत्र के जंगल की तरफ से मांस लेकर बिक्री के लिए आ रहे थे. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है और मांस की वास्तविक प्रकृति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
बाइक शाहजहांपुर के इदरीस के नाम दर्ज
बरामद बाइक का नंबर UP 27 VN 0051 है. पुलिस के अनुसार यह बाइक शाहजहांपुर जिले के खुटार थाना क्षेत्र के बरकेलीगंज निवासी इदरीस के नाम पर पंजीकृत है. पुलिस अब बाइक के मालिक और फरार व्यक्ति के संबंध की भी जांच कर रही है.
पहले भी छह महिलाओं को पकड़ा गया था
सावन के दौरान जिले में मांस तस्करी का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है. इससे तीन दिन पहले मझोला क्षेत्र में मांस ले जा रही छह महिलाओं को पकड़े जाने की बात सामने आई थी. अब सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में बाइक से करीब एक क्विंटल मांस मिलने के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सेहरामऊ उत्तरी के थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बरामद मांस का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है. मौके पर बजरंग दल के हरीश कुमार, किशन कुमार, हरदीप, दिनेश कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
