UP Crime News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत मेडिकल कॉलेज से जुड़े जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई.पैरामेडिकल टेक्निशियन प्रथम वर्ष की छात्रा कशिश पटेल की उसके ही सहपाठी ने कथित तौर पर एकतरफा प्रेम के चलते चाकू से हमलाकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला कर्मचारी भी हमले में घायल हो गईं. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरीमच गई. पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है.
सीटी स्कैन कक्ष में किया हमला
जानकारी के मुताबिक, बरेली जिले के केसरपुर गांव की रहने वाली 24 वर्षीय कशिश पटेल पिछले करीब 10 महीने से पीलीभीत में रहकर सीटी स्कैन टेक्निशियन का कोर्स कर रही थीं. मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में मौजूद थीं. तभी उनके सहपाठी सागर सिंह, जो कानपुर देहात के मेडुआ (अरौल) का रहने वाला है, वहां पहुंचा और अचानक चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
गर्दन और पेट पर किए कई वार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने कशिश की गर्दन और पेट पर कई बार चाकू से वार किए. घायल हालत में कशिश अपनी जान बचानेके लिए भागीं, लेकिन कुछ ही दूरी पर लहूलुहान होकर गिर पड़ीं. उनकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल की महिला कर्मचारी निधि उन्हें बचानेपहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में निधि की कलाई घायल हो गई.
सुरक्षा गार्डों ने आरोपी को दबोचा
घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया. गंभीर रूप से घायल कशिश को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं घायल महिला कर्मचारी निधि का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
एकतरफा प्रेम का मामला आया सामने
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव, एएसपी विक्रम दहिया, सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा और सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस पूछताछ में आरोपी सागर सिंह ने बताया कि वह कशिश से प्रेम करता था, लेकिन पिछले करीब एक महीने से दोनों के बीच बातचीत बंद थी. इसी बात से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
छात्रों में आक्रोश, पिता ने भी कहा- बेटे को मिले सजा
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला. छात्रों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर घटना पर नाराजगी जताई. उधर, आरोपी के पिता रामऔतार गौतम ने भी बेटे की करतूत पर दुख जताते हुए कहा कि उसने जो किया है, उसके लिए उसे कानून के मुताबिक सख्त सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मृतक छात्रा भी उनकी बेटी जैसी थी. पुलिस फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
