UP News: नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र स्थित एक नामी लॉ फर्म में हुई 1.48 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अवनीश समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 1.48 करोड़ रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट वाली ऑरा कार बरामद हुई.
निवेशकों की रकम लौटाने में विवाद के बाद साजिश
जांच में सामने आया कि लॉ फर्म के माध्यम से लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया था. निवेशकों को रकम वापस नहीं मिलने के बाद कथित तौर पर चोरी की साजिश रची गई. पुलिस पूछताछ में आरोपियों से मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों की जानकारी मिली.
नकदी का वैध हिसाब नहीं, आयकर विभाग को सूचना
पुलिस के मुताबिक, बरामद भारी नकदी का फिलहाल कोई वैध हिसाब सामने नहीं आया है. इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी है. अब जांच एजेंसियां नकदी के स्रोत, निवेश से जुड़े लेनदेन और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं.
सफेदपोशों और पैसों के लेनदेन की भी जांच
पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है. जांच का उद्देश्य चोरी की पूरी साजिश, रकम के वास्तविक स्रोत और कथित निवेश लेनदेन से जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नकदी किसकी थी और इसे कहां इस्तेमाल किया जाना था.
Must Read:बदायूं में पीडब्ल्यूडी का बड़ा एक्शन: बसपा नेता आतिफ खां की 14 अवैध दुकानें बुलडोजर से ध्वस्त
