UP News : नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब यात्रियों को नोएडा मेट्रो और दिल्ली मेट्रो के लिए अलग-अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लॉन्च कर दिया है. इस एक कार्ड से यात्री नोएडा मेट्रो की Aqua Line और दिल्ली मेट्रो की Blue Line पर सफर कर सकेंगे.
एक कार्ड से कई मेट्रो नेटवर्क में सफर
NCMC कार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे यात्रियों को अलग-अलग मेट्रो के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह कार्ड नोएडा मेट्रो की Aqua Line के साथ दिल्ली मेट्रो की Blue Line पर भी मान्य होगा. इसके अलावा, देश के अन्य उन मेट्रो नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा, जहां NCMC की सुविधा उपलब्ध है. सिटी बसों में भी इस कार्ड का इस्तेमाल किया जा सकेगा.
88 हजार से ज्यादा कार्ड पहले ही बिक चुके
NMRC ने आधिकारिक लॉन्च से पहले ही NCMC कार्ड की बिक्री शुरू कर दी थी. अब तक 88 हजार से ज्यादा कार्ड यात्रियों को जारी किए जा चुके हैं. शनिवार से यात्रियों ने इस कार्ड के जरिए नोएडा और दिल्ली मेट्रो में सफर करना शुरू कर दिया. NMRC के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो में लगातार नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं. स्टेशनों पर पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) भी शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को ट्रेन के आने और जाने की जानकारी समय पर मिल सकेगी.
300 रुपये में मिलेगा NCMC कार्ड
यात्री नोएडा मेट्रो के 21 में से किसी भी स्टेशन के काउंटर से NCMC कार्ड बनवा सकते हैं. इसके लिए कुल 300 रुपये देने होंगे. इसमें 100 रुपये कार्ड की कीमत और 200 रुपये का शुरुआती टॉपअप शामिल है. कार्ड बनवाने के लिए यात्री को अपना मोबाइल नंबर देना होगा. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करने के बाद करीब पांच मिनट में कार्ड मिल जाएगा.
कितने रुपये तक कर सकेंगे रिचार्ज?
NCMC कार्ड में अधिकतम 2,000 रुपये तक का बैलेंस रखा जा सकता है. वहीं, कार्ड को रिचार्ज कराने के लिए न्यूनतम राशि 200 रुपये तय की गई है. यह कार्ड चार साल तक वैध रहेगा.
WhatsApp से भी मिलेगा मेट्रो टिकट
यात्रियों की सुविधा के लिए WhatsApp से मेट्रो टिकट बुक करने की सुविधा भी शुरू की गई है. इसके लिए यात्री को 9599030188 नंबर पर WhatsApp के जरिए ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा. इसके बाद यात्री अपना शुरुआती और गंतव्य स्टेशन चुनकर UPI के जरिए भुगतान कर सकेंगे. भुगतान पूरा होने के बाद यात्री को WhatsApp पर ही QR टिकट मिल जाएगा.
पुराने नोएडा मेट्रो कार्ड का होगा मुफ्त अपग्रेड
जिन यात्रियों के पास पहले से नोएडा मेट्रो का पुराना कार्ड है, उनके लिए भी राहत है. पुराने कार्ड को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के NCMC कार्ड में अपग्रेड कराया जा सकता है. हालांकि, जो यात्री NCMC कार्ड नहीं लेना चाहते हैं, वे पहले की तरह सामान्य टिकट खरीदकर मेट्रो में सफर कर सकेंगे.
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
NCMC की शुरुआत से नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. अब Aqua Line और Blue Line के लिए अलग-अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी. इससे मेट्रो यात्रा अधिक सुविधाजनक और आसान होने के साथ-साथ टिकटिंग प्रक्रिया भी सरल होगी.
Also read : UP पुलिस का वर्दी पहना सिपाही कर रहा SDM के ड्राइवर के पैर की मालिश, वायरल वीडियो से कानपुर में बढ़ी हलचल
