नोएडा एयरपोर्ट से विदेश जाना होगा आसान! जानिए कब से शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स

UP News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विदेश जाने का इंतजार कर रहे लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. दिसंबर तक यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है. जानिए कब तक तैयार होगा टर्मिनल और किन देशों के लिए होंगी पहली उड़ानें.

UP News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विदेश जाने का इंतजार कर रहे लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो इसी साल के आखिर तक नोएडा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो सकती हैं. एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है और सुरक्षा संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिसंबर से विदेशी उड़ानों का संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि एयरपोर्ट से दिसंबर महीने में इंटरनेशनल फ्लाइट सर्विस शुरू होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि 15 जून से घरेलू उड़ानों का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है और अब इंटरनेशनल टर्मिनल को जल्द शुरू करने की तैयारी चल रही है.

सितंबर तक तैयार होगा इंटरनेशनल टर्मिनल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोएडा एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल का निर्माण तेजी से चल रहा है. अधिकारियों का कहना है कि टर्मिनल का सिविल वर्क पूरा हो चुका है, जबकि अंदरूनी साज-सज्जा और अन्य जरूरी काम अंतिम चरण में हैं. उम्मीद है कि सितंबर के अंत तक पूरा इंटरनेशनल टर्मिनल पूरी तरह तैयार हो जाएगा. हालांकि टर्मिनल तैयार होने के बाद भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत तुरंत नहीं होगी. इसके लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की ओर से सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी. जांच पूरी होने और अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) मिलने के बाद ही इंटरनेशनल फ्लाइट्स को हरी झंडी मिलेगी.

इन देशों के लिए शुरू हो सकती हैं पहली उड़ानें

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआती चरण में मध्य पूर्व (Middle East) और आसियान (ASEAN) देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर सबसे ज्यादा फोकस किया जाएगा. इससे विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

15 जून से चल रही हैं घरेलू उड़ानें

गौरतलब है कि 15 जून से नोएडा एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू हो चुका है. यहां से इंडिगो (IndiGo) और अकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट्स बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद समेत देश के कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित रूप से उड़ान भर रही हैं. अब यात्रियों की नजरें इंटरनेशनल फ्लाइट सर्विस शुरू होने पर टिकी हैं.

आने वाले समय में और बढ़ेगी एयरपोर्ट की क्षमता

फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट के मौजूदा टर्मिनल की क्षमता हर साल 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है. जब यात्रियों की संख्या इस क्षमता के करीब 80 प्रतिशत यानी लगभग 96 लाख तक पहुंच जाएगी, तब एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा. विस्तार के बाद एयरपोर्ट की वार्षिक क्षमता बढ़ाकर 3 करोड़ यात्रियों तक करने की योजना है. हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन ने वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए इसके लिए अभी कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की है.

Also Read: प्रेम के लिए बदला धर्म, शाहजहां बनी प्रतीक्षा यादव,बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में की शादी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >