UP Weather: प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 3 अगस्त से अगले दो दिनों तक प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
फिलहाल इन इलाकों में हो रही बारिश
सुबह से पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की जा रही है. लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, जौनपुर और प्रयागराज के कई क्षेत्रों में बादल छाए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है. वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़ और आसपास के इलाकों में भी मौसम करवट ले चुका है तथा कहीं-कहीं बारिश दर्ज की जा रही है.
तीन दिन तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार 3, 4 को मूसलाधार के साथ 5 अगस्त को रिमझिम का दौर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में जारी रहेगा. कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं. निचले इलाकों में जलभराव और खराब मौसम के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है.
तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा
बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
उमस से राहत, लेकिन बढ़ेंगी मुश्किलें
लगातार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, लेकिन शहरी इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने की समस्या बढ़ सकती है. प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: हाथों में रोटी लेकर खाते दिखे बच्चे, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, बलिया BSA ने बैठाई जांच
