UP News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. रोजाना सिर्फ 400 से 500 रुपये कमाकर परिवार का गुजारा करने वाले एक गरीब युवक को आयकर विभाग से 41 करोड़ रुपये के बैंक लेन-देन का नोटिस मिला है. इतना ही नहीं, विभाग ने उस पर करीब 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया भी बताया है. पीड़ित का दावा है कि नौकरी दिलाने के बहाने उसके साले ने बैंक खाता खुलवाया, अपने मोबाइल नंबर से उसे संचालित किया और करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन कर दिया. अब नोटिस मिलने के बाद पूरा परिवार सदमे में है और युवक न्याय की गुहार लगा रहा है.
नौकरी दिलाने के बहाने दिल्ली बुलाया
मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी श्याम बाबू ने बताया कि उनकी शादी साल 2020 में हुई थी. शादी के करीब छह महीने बाद उनके साले ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उन्हें दिल्ली बुलाया. वहां उनके दस्तावेज तैयार कराए गए और एक बैंक में खाता खुलवाया गया. श्याम बाबू का आरोप है कि खाता खुलवाते समय साले ने बैंक में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया. इसके बाद उन्हें गांव वापस भेज दिया गया. कुछ समय बाद साला घर आया और चेकबुक पर भी उनके हस्ताक्षर करवा लिए. उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनके नाम पर इतना बड़ा खेल हो जाएगा.
खाते से हुआ 41 करोड़ रुपये का लेन-देन
करीब तीन महीने पहले श्याम बाबू के घर आयकर विभाग का पहला नोटिस पहुंचा. नोटिस पढ़कर उनके होश उड़ गए. विभाग ने बताया किउनके बैंक खाते से 41 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है और इस पर करीब 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है. श्याम बाबू का कहना है कि अब तक उन्हें आयकर विभाग की ओर से तीन नोटिस मिल चुके हैं. जब उन्होंने इस बारे में अपने साले और ससुराल पक्ष से बात की तो उन्हें चुप रहने की सलाह दी गई और कहा गया कि कुछ नहीं होगा.
रोज 400 रुपये कमाने वाले पर करोड़ों का बोझ
श्याम बाबू बताते हैं कि वह गांव में खेती किसानी के साथ एक मैजिक गाड़ी चलाकर किसी तरह परिवार का खर्च चलाते हैं. उनकी रोज की कमाई करीब 400 से 500 रुपये है. ऐसे में करोड़ों रुपये का टैक्स चुकाना उनके लिए नामुमकिन है. पीड़ित का कहना है कि वह खुद समझ नहीं पा रहे हैं कि उनके खाते से इतना बड़ा लेन-देन कैसे हुआ. अब पूरा परिवार चिंता में है और लगातार आयकर विभाग के दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है.
जांच और कार्रवाई की मांग
श्याम बाबू ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका आरोप है कि उनके साले ने धोखे से बैंक खाता खुलवाकर उसके जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन किया. उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें इस पूरे मामले में न्याय दिलाने की मांग कीहै. फिलहाल आयकर विभाग के नोटिस के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
Also Read: नोएडा : पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो की मौत, 100 से ज्यादा लोगों को किया गया रेस्क्यू
