UP Crime News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक विवाहिता ने अपने पति को छोड़कर प्रेमी ऋषभ कुमार सिंह के साथ दूसरी शादी की. शादी के बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा. इसी विवाद के दौरान ऋषभ ने अपनी पत्नी छोटी उपाध्याय की हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने शव को रस्सी से बांधा. फिर उसे ट्रॉली सूटकेस में बंद कर दिया. सूटकेस को किराये के कमरे के बाथरूम में रखकर वह फरार हो गया. करीब दो महीने तक कमरे में शव पड़ा रहा.
दो महीने बाद सूटकेस से मिला महिला का शव
यह मामला दादरा और नगर हवेली के सिलवासा का है. तीन अगस्त को टोकर खड़ा क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान से महिला का शव बरामद हुआ था. मकान मालिक किसी दूसरे व्यक्ति को कमरा किराये पर देने के लिए पहुंचा था. कमरा खोलने पर दुर्गंध आई. इसके बाद जांच की गई तो बाथरूम में रखा ट्रॉली सूटकेस मिला. उसके अंदर महिला का शव था. शव करीब दो महीने पुराना था. उसकी पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई. छोटी बिहार के नवादा की रहने वाली थी और उसकी उम्र करीब 20 साल थी.
पहले पति को छोड़कर ऋषभ के साथ भागी थी छोटी
एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि ऋषभ और छोटी एक ही गांव के रहने वाले थे. दोनों के बीच प्रेम संबंध था. छोटी की शादी पहले हो चुकी थी. बाद में वह अपने पति को छोड़कर ऋषभ के साथ चली गई. दोनों दादरा और नगर हवेली पहुंचे. वहां दोनों ने शादी कर ली और सिलवासा में किराये के कमरे में रहने लगे. इस शादी से दोनों के परिवार नाराज थे. छोटी को ऋषभ के परिवार वाले बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे थे.
गांव ले जाने को लेकर होता था विवाद
शादी के बाद छोटी लगातार ऋषभ पर गांव चलने का दबाव बना रही थी. वह चाहती थी कि ऋषभ उसे अपने परिवार के पास लेकर जाए. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. इसी बीच 9 जून की सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई.
9 जून को गला दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 9 जून की शाम विवाद बढ़ गया. आरोप है कि ऋषभ ने छोटी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने शव को रस्सी से बांधा. शव को प्लास्टिक से ढककर ट्रॉली सूटकेस में बंद कर दिया. फिर कमरे में ताला लगाया और वहां से फरार हो गया.
हत्या के बाद वाराणसी पहुंचा आरोपी
वारदात के बाद ऋषभ सिलवासा से भागकर वाराणसी आ गया. यहां उसने अपनी पहचान छिपा ली. वह मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक इलाके में मजदूरी करने लगा. पुलिस के मुताबिक, वह शुभकामना रियल टेक में नाम बदलकर काम कर रहा था.
STF और सिलवासा पुलिस ने मिलकर दबोचा
सिलवासा पुलिस को आरोपी के वाराणसी में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके बाद यूपी एसटीएफ की वाराणसी इकाई से मदद मांगी गई. खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को चांदपुर औद्योगिक आस्थान में दबिश दी. यहां से ऋषभ कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.
अपहरण का मामला भी दर्ज था
छोटी को लेकर भागने के मामले में ऋषभ के खिलाफ बिहार के रोह थाने में अपहरण की प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी. गिरफ्तारी के बाद ऋषभ को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया. अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर सिलवासा पुलिस को सौंप दिया. इसके बाद पुलिस उसे दादरा और नगर हवेली ले गई. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई सिलवासा पुलिस कर रही है.
यह भी पढ़ें: यूपी के इन शहरों में 17 अगस्त से शुरू होगी सेना भर्ती रैली, जानिए कैसे होगा चयन प्रक्रिया
