सुलतानपुर: सोशल मीडिया पर पत्नी के अधिक फॉलोअर्स देख भड़का पति, बच्चों के सामने गला घोंटकर उतारा मौत के घाट

यूपी के सुलतानपुर जिले में एक पति ने कार के अंदर अपने बच्चों के सामने ही पत्नी का गला दबा कर उसकी हत्या कर दी. पति को अपनी पत्नी के सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स के कारण उसके चरित्र पर शक था.

Lucknow: यूपी के सुलतानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपने मासूम बच्चों के सामने ही कार में अपनी पत्नी की गला घोट कर हत्या कर दी. बच्चों ने बताया कि पापा हम लोगों को नानी के घर ले जाने के लिए निकले थे. रास्ते में पापा-मम्मी में झगड़ा होने लगा. इसके बाद पापा ने गाड़ी सड़क के किनारे लगाई. फिर हम लोगों के सामने ही मम्मी का गला घोंट दिया. जिससे मम्मी की मौत हो गई. फिर पापा अपनी सीट पर बैठे रहे.

उधर से गुजर रही यूपीडा की टीम ने संदिग्ध अवस्था में खड़ी कार देख रुक गई. टीम को देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. फिर टीम गाड़ी खुलवाने लगी. मगर, उसने कार नहीं खोली. इसके बाद टीम ने पुलिस को बुलाया. पुलिस आई और गाड़ी को खुलवाया. तब बच्चों ने अपने पापा की असलियत बताई. इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया.

दरअसल, उन्नाव के सफीपुर का निवासी राहुल मिश्र (37) ने 2008 में रायबरेली के मील एरिया थाना क्षेत्र निवासी मोनिका गुप्ता (32) के साथ लव मैरिज की थी. राहुल लखनऊ में ट्रांसपोर्ट एजेंसी चलाता था. उसी दौरान उसकी मुलाकात मोनिका से हुई थी. राहुल अपनी फैमिली को लेकर लखनऊ में शिफ्ट हो गया था. बताया जा रहा है कि शख्स अपनी पत्नी के कैरेक्टर को लेकर उस पर शक करता था, जिसके कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया है.

जानकारी के मुताबिक मृतका को इंस्टाग्राम पर काफी ज्यादा संख्या में यूजर्स फॉलो करते थे. इसके साथ ही महिला ने अपने पति को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था. जिसके चलते पत्नी को लेकर पति की इनसिक्योरिटी काफी बढ़ गई थी.

2008 में साथ ले जाकर कर ली थी लव मैरिज

मोनिका के पिता उमाशंकर ने बताया कि राहुल साल 2008 में मेरी बेटी को बहला फुसलाकर ले गया था. इसके बाद उसने शादी कर ली. कई सालों तक हमने दोनों को घर नहीं आने दिया. लेकिन बाद में इनका आना-जाना हो गया. मोनिका अक्सर बताती थी कि राहुल उसे प्रताड़ित करता है. वो उसके चरित्र पर शक करता है. आए दिन उसे मारता-पीटता था. उसने कई बार हम लोगों को बताया, लेकिन हम लोग उसे सब कुछ ठीक होने का भरोसा देते रहते थे.

रायबरेली जाने के लिए कार से निकला था

उमाशंकर ने बताया कि राहुल फैमिली को लेकर लखनऊ में ही रहता था. बीती रात वो इनोवा कार यूपी (32-CJ-4541) से मोनिका व दो बच्चों 12 वर्षीय बेटी व 5 साल के बेटे को लेकर लखनऊ से रायबरेली जाने के लिए निकला था. लेकिन रास्ते में उधर न जाकर वह गाड़ी लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किमी-123 पर मुजेश चौराहे के पास रुका. कार को साइड में लगाकर दोनों बच्चों के सामने ही राहुल ने कार के अंदर ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद बच्चों को लेकर गाड़ी में ही बैठा रहा.

महिला के पिता को पुलिस ने बुलाया

घटना पर पहुंची पुलिस ने बच्चों से नंबर लेकर मोनिका के पिता को फोन कर मौके पर बुलाया. मोनिका के पिता परिवार समेत मौके पर पहुंचे तो बच्चों ने नाना को भी पूरी वारदात बताई. इसके बाद उमाशंकर ने आरोपी राहुल के खिलाफ तहरीर दी. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस आरोपी राहुल से पूछताछ कर रही है.

CO बोले- महिला के पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ केस

सीओ बल्दीराय रमेश ने बताया कि कार में एक युवक ने बच्चों के सामने अपनी पत्नी की हत्या की है. वो हत्या के बाद कार में बैठा रहा. पुलिस ने कार को खुलवाकर महिला के शव को कब्जे में लिया. बच्चों के बयान पर आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया. उस पर केस दर्ज कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sandeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >