नयी दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में तीन नाबालिग बहनों पर एसिड अटैक की तीव्र निंदा की है. प्रियंका गांधी ने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला है. भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार के राजनीति से प्रेरित रवैये के कारण अपराधियों के हौंसले बढ़ गए हैं.
उन्होंने पीड़ित लड़कियों के पिता के बयान संबंधी खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘इस व्यक्ति की 17, 10 और आठ साल की तीन बेटियां घर में सो रही थीं. कोई घुसा और उन पर तेजाब फेंक दिया.” कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया, ‘‘ महिला विरोधी अपराधों को अंजाम देने वालों को सही ठहराने और उनका बचाव करने के, उप्र सरकार के राजनीति से प्रेरित विमर्श से राज्य में अपराधियों का हौसला बढ़ा है.”
पुलिस अधीक्षक (एसपी) शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिला चिकित्सालय में तीनों लड़कियों का इलाज चल रहा है.” घटना तब घटी जब वे अपने कमरे में सो रही थीं. एसिड फेंकनेवाला दो फ्लोर चढ़कर आया और कमरे में सो रही लड़कियों पर खिड़की से एसिड फेंका. बड़ी बहन का चेहरा और छाती बुरी तरह झुलस गया है छोटी दो बहनों के हाथ जले हैं. अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
Posted By : Rajneesh Anand
