गोरखपुर में Free Fire गेम पर हुआ प्यार, लड़का-लड़की हुए फरार, अब पुलिस कर रही तलाश

गोरखपुर में फ्री फायर गेम खेलते हुए एक युवती और एक युवक की प्रेम कहानी सामने आई है. युवती के फरार होते ही परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है. पुलिस ने युवक के खिलाफ अपराध का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश कर रही है.

Gorakhpur : सीमा हैदर और सचिन मीणा की PUBG पर लव स्टोरी के बाद अब उत्तर प्रदेश में फ्री फायर गेम खेलते-खेलते प्यार होने की कहानी सामने आई है. गोरखपुर में फ्री फायर गेम खेलने के दौरान 21 वर्षीय एक लड़की का बिहार के सुजीत नाम के लड़के से प्यार हो गया. लड़की सोमवार को घर से गायब हो गई. परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है. इस मामले की जांच की जा रही है.

दरअसल, गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 21 साल की लड़की अचानक घर से लापता हो गई. इसके बाद परिजन उसकी दो दिन तक तलाश करते रहे. इसी बीच परिजनों को जानकारी हुई कि लड़की अपने प्रेमी संग फरार हो गई है. परिजनों ने इसकी सूचना पीपीगंज थाने में दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी.

ऑनलाइन गेम पर हुआ प्यार

जिस तरह पाकिस्तान की सीमा हैदर और नोएडा के सचिन की लव स्टोरी पबजी गेम खेलने के दौरान शुरू हुई थी, जिसमें सीमा अपने चार बच्चों को लेकर नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई और नोएडा पहुंच गई. सीमा और सचिन की तरह ही गोरखपुर की लड़की और बिहार के युवक की प्रेम कहानी फ्री फायर गेम से शुरू हुई. फ्री फायर खेलते हुए 21 साल की लड़की पटना के रहने वाले सुजीत से प्यार कर बैठी.

दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि 31 जुलाई को लड़की अपने घर से फरार हो गई. लड़की के परिजनों का कहना है कि बेटी पढ़ाई के बहाने मोबाइल पर गेम खेलती रहती थी. हमें लगता था कि वह पढ़ रही है. इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया. हमें क्या पता था कि वह पढ़ाई की जगह रात-रात भर गेम खेल रही है और ऐसा कदम उठाएगी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ अपरहण का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश कर रही है.

क्या बोले थाना प्रभारी

इस घटना को लेकर पीपीगंज थाना प्रभारी आशीष सिंह का कहना है कि लड़की के परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है. तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है. फिलहाल दोनों की लोकेशन बिहार की राजधानी पटना में मिली है. लड़का पटना में ऑटो चलाता है. दोनों को गोरखपुर लाने की तैयारी चल रही है. चूंकि मामला दूसरे राज्य का है, इसलिए परमिशन मांगी गई है. चूंकि लड़की वयस्क है और वह 21 साल की है, इसलिए दोनों से पूछताछ के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sandeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >