सीएम योगी का निर्देश, रेलवे स्टेशनों पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें, अस्पतालों में मरीजों को नहीं हो कोई असुविधा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश देते हुए कहा कि सोमवार से रेल सेवा के प्रारंभ होने के दृष्टिगत सभी रेलवे स्टेशनों पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. स्टेशन पर प्रशासन, पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अनिवार्य रूप से तैनात हों. स्टेशन पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जाये. रेलवे स्टेशन पर हर यात्री को कोरोना वायरस से बचाव के संबंध में हैण्डबिल उपलब्ध कराया जाये.

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश देते हुए कहा कि सोमवार से रेल सेवा के प्रारंभ होने के दृष्टिगत सभी रेलवे स्टेशनों पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. स्टेशन पर प्रशासन, पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अनिवार्य रूप से तैनात हों. स्टेशन पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जाये. रेलवे स्टेशन पर हर यात्री को कोरोना वायरस से बचाव के संबंध में हैण्डबिल उपलब्ध कराया जाये.

सीएम योगी ने कहा कि प्रभावी निगरानी व्यवस्था से इन्ट्रा-स्टेट बस सेवा सहित विभिन्न गतिविधियों को प्रारंभ करने में आसानी होगी. गौरतलब है कि सोमवार सुबह से पूरे प्रदेश के अंदर यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम ने अपनी बस सेवायें शुरू की हैं. मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराते हुए अनलॉक व्यवस्था के प्रभावी संचालन के निर्देश दिये हैं.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरी सावधानी और सतर्कता बरतते हुए सभी आर्थिक, व्यावसायिक एवं औद्योगिक गतिविधियों का संचालन कराया जाये. बाजारों में भीड़ एकत्र होने के दृष्टिगत उन्होंने सुरक्षा और गश्त की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे.

राजस्व वृद्धि पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जून माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्ति के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं. उन्होंने हाई-वे, बाजारों तथा पार्कों में सघन गश्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जगह सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन कराया जाये. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि समस्त अस्पतालों में साफ-सफाई सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त हों, ताकि मरीजों को कोई असुविधा न होने पाए.

उन्होंने कहा कि बेड शीट प्रतिदिन बदली जाये. अस्पतालों में सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये. डाक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ नियमित राउंड लें. समय से मरीजों को दवा उपलब्ध कराई जाये. अपनी पाली में ड्यूटी ज्वाइन करते समय तथा ड्यूटी समाप्त होने के पूर्व डाक्टर तथा नर्स द्वारा अनिवार्य रूप से राउंड लेते हुए मरीजों के उपचार के संबंध में आवश्यक कार्यवाई की जाये.

योगी ने निर्देश दिये कि पूरे प्रदेश में जनपद स्तर पर नयी जांच प्रयोगशाला की स्थापना की कार्यवाही को और तेज किया जाये. उन्होंने कहा कि तात्कालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन प्रयोगशालाओं को क्रियाशील करने पर ध्यान केंद्रित किया जाये. उन्होंने नॉन कोविड अस्पतालों में मरीजों की उपचार संबंधी गतिविधियों में वृद्धि करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों की आपात सेवाओं में मरीजों के उपचार तथा आवश्यक आपरेशन कार्यवाही की दैनिक समीक्षा की जाये.

सीएम योगी ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण को रोकने में निगरानी समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसके दृष्टिगत ग्रामीण व शहरी इलाकों में निगरानी समितियों को सक्रिय रखा जाये. स्वच्छता अभियान में स्वच्छाग्रहियों ने उपयोगी योगदान दिया है. इसे ध्यान में रखते हुए निगरानी समितियों में स्वच्छाग्रहियों को भी सम्मिलित किया जाये. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से ‘सिक इन्डस्ट्रियल यूनिट्स’ को क्रियाशील करने की कार्य योजना तैयार की जाये. इसके लिए ऐसी औद्योगिक इकाइयों की मैपिंग की जाये. उन्होंने आम के निर्यात के संबंध में कार्य योजना बनाने के निर्देश भी दिये.

Posted By Samir Kumar

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Published by: Prabhat Khabar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >