लखनऊ: देवबंद मदरसे के एक छात्र का सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर देश विरोधी आपत्तिजनक मैसेज पोस्ट करने का मामला सामने आया है. सहारनपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद इस छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. छात्र मूलरूप से झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है.
एसएसपी सहारानपुर विपिन ताड़ा के अनुसार थाना देवबंद पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक ने आपत्तिजनक ट्वीट किया है. इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए देवबंद पुलिस मुकदमा दर्ज कर युवक से पूछताछ कर रही है. उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि छात्र ने अपने एक्स एकाउंट पर लिखा है कि ‘ इंशाल्लाह बहुत जल्द दूसरा पुलवामा भी होगा’. इस मैसेज के वायरल होने के बाद पुलिस छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. एटीएस ने छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. छात्र का नाम मोहम्मद ताल्हा अजहर बताया जा रह है. वह झारखंड के जमशेदपुर सरायकेला का रहने वाला है.
इससे पहले भी अप्रैल 2022 में यूपी एटीएस ने दारुल उलूम देवबंद (Darul Uloom Deoband) में पढ़ रहे एक संदिग्ध छात्र को गिरफ्तार किया था. यह छात्र बांग्लादेश का बताया जा रहा है. ये छात्र देवबंद में फ़र्जी दस्तावेजों के साथ रह रहा था. उसके पाकिस्तान कनेक्शन भी निकले थे. तलहा तालुकदार बिन फारुख नाम के इस छात्र के संपर्क प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से निकले थे. इसका संपर्क भोपाल में पकड़े गये जेएमबी के चार अन्य सदस्यों से भी था. राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए भी इस मामले जांच कर रही थी. तलहा ने बांग्लादेश से भारत में घुसने के बाद फर्जी आधार व पैन भी देवबंद से ही बनवाया था. इस पर भी पुलिस ने कार्रवाई की थी.
