नयी दिल्ली/ लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आज यह स्पष्ट कर दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी, उसका किसी पार्टी से गठबंधन का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्टी विलय की इच्छुक है तो यह संभव है, लेकिन हम गठबंधन नहीं करेंगे. प्रदेश में ऐसी चर्चा चल रही थी कि सपा महागठबंधन के लिए इच्छुक है और इसके लिए वह प्रदेश में समाजवादियों को एक मंच पर ला रही है. सपा के रजत जयंती समारोह में उनके पुराने समाजवादी मित्र इकट्ठे भी हुए थे. लेकिन आज उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी कोई गठबंधन नहीं करेगी. गठबंधन के भविष्य पर अखिलेश यादव हमेशा यह कहते रहे हैं कि नेताजी को ही इस मुद्दे पर निर्णय करना है.
चुनावी फायदा लेने वाला है नोट बंद करने का निर्णय
उन्होंने केंद्र द्वारा 500-1000 के नोट बंद करने पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार के इस निर्णय को चुनावी फायदा लेने वाला कदम बताया है. उन्होंने कहा कि अब जबकि देश में उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव होना है, कालाधन पर रोकथाम के नाम पर बीजेपी ने 500 और 1000 रुपये के नोट को बंद कर दिया. सरकार के इस अचानक लिये गये फैसले से आम जनता परेशान है. अराजक माहौल बन गया है, किसी को खाने का सामान नहीं मिल रहा, तो किसी को अस्पताल में इलाज नहीं मिल रहा है, यह स्थिति ठीक नहीं है.
