अभद्र टिप्पणी विवाद : भाजपा ने बसपा नेताओं की गिरफ्तारी के लिए किया प्रदर्शन

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी ने बसपा मुखिया मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में पार्टी से निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह के परिवार की महिला सदस्यों के खिलाफ बसपा नेताओं के अपशब्दों के विरोध में आज ‘बेटी के सम्मान में’ नारे के साथ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंप कर […]

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी ने बसपा मुखिया मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में पार्टी से निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह के परिवार की महिला सदस्यों के खिलाफ बसपा नेताओं के अपशब्दों के विरोध में आज ‘बेटी के सम्मान में’ नारे के साथ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंप कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.

राज्यपाल से की बीजेपी नेताओं ने मुलाकात

पार्टी के प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक ने बताया कि प्रदेश के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने इस संबंध में आज राज्यपाल राम नाईक से भेंट की और सिंह की बेटी तथा महिला सदस्यों के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग के लिए बसपा महासचिव तथा विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी आदि की गिरफ्तारी की मांग की. मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के बाद बसपा कार्यकर्ताओं ने सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राजधानी में प्रदर्शन किया था, जिसमें सिंह की बेटी तथा उनके परिवार की महिला सदस्यों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया गया था. प्रदर्शन का नेतृत्व सिद्दीकी ने किया था.

बसपा नेताओं पर हुआ है केस दर्ज

इस मामले में सिंह की मां तेतरा देवी की तरफ से कल हजरतगंज कोतवाली में बसपा मुखिया मायावती, महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी और प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर आदि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पाठक ने बताया कि इस मामले में सिंह के परिजनों की तरफ से दर्ज कराये गये मुकदमें में उचित धाराएं :पाक्सो एक्ट: नहीं लगायी गयी हैं. भाजपा महासचिव ने यह भी कहा कि सिंह के परिजनों ने उनकी जान को भी खतरा होने की आशंका जतायी है.

आगे भी होगा प्रदर्शन

पाठक ने बताया कि सिंह केे परिवार की महिला सदस्यों खासकर उनकी नाबालिग बेटी के खिलाफ बसपा नेताओं की अभद्र टिप्पणी के विरोध में आज पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘बेटी के सम्मान में’ नारे के साथ जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मौर्य ने कहा है कि इस मुद्दे को लेकर 28 जुलाई को पार्टी की महिला शाखा की तरफ से एक विराट प्रदर्शन का आयोजन किया जायेगा.

भाजपा सांसद ने किया दयाशंकर को सपोर्ट

इस बीच बलिया में सलेमपुर सीट से भाजपा सांसद रवीन्द्र कुशवाहा ने कहा कि सिंह का निष्कासन समाप्त करके उन्हें पुन: पार्टी में शामिल किया जाना चाहिए. बसपा से राजनीति शुरू करके और मायावती सरकार में मंत्री रह चुके भाजपा नेता दीनानाथ भास्कर ने भदोही में कहा कि सिंह ने जो कहा वह तो निंदनीय है ही. मगर उसके जवाब में बसपा नेताओं ने जो कुछ कहा वह और भी निंदनीय है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >