लखनऊ : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मंत्री स्वाति सिंह को तलब किया और सफाई मांगी. मामला एक ऑडियो क्लिप को लेकर है जिसमें वह कथित तौर पर एक अधिकारी को धमकातीं सुनाई पड़ रहीं हैं. सीएम योगी ने मामले को लेकर डीजीपी से 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी है.
बताया जा रहा है कि सीएम योगी और स्वाति सिंह के बीच मुलाकात करीब 25 मिनट तक चली. सूत्रों की मानें तो सीएम योगी काफी नाराज थे. योगी ने कहा है कि किसी भी दागी या अपराधी की पैरवी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
गौर हो कि मंत्री स्वाति सिंह और सीओ कैंट बीनू सिंह की बातचीत का एक कथित ऑडियो शुक्रवार को सोशल मीडियापर शेयर किया गया था जो देखते ही देखते वायरल हो गया. ऑडियो में स्वाति सिंह सीओ को अंसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए फटकार लगातीं सुनाई पड़ रही हैं. उन्होंने सीओ को आकर मिलने की हिदायत दी.
