UP News: राजधानी लखनऊ में सोमवार शाम पेशी के बाद करीब 30 विचाराधीन कैदियों को जिला जेल ले जा रही कैदी वैन रास्ते में अचानक खराब हो गई. वैन के बीच सड़क पर खड़े हो जाने से यातायात प्रभावित हुआ और करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. बारिश के बीच कैदियों को दूसरी गाड़ी का इंतजार करना पड़ा. मिली जानकारी के मुताबिक, गोसाईंगंज स्थित जिला कारागार से 30 विचाराधीन कैदियों को पेशी के लिए लखनऊ कोर्ट लाया गया था. सुनवाई पूरी होने के बाद कैदियों को उसी वैन से वापस जेल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान सुशांत गोल्फ सिटी के खुर्दही बाजार के पास वैन में तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच रास्ते में खड़ी हो गई.
बारिश के बीच दूसरी वैन का इंतजार
वैन खराब होने के बाद कैदियों को काफी देर तक दूसरी व्यवस्था का इंतजार करना पड़ा. इस दौरान बारिश भी हो रही थी. घटना की जानकारी मिलने पर जेल प्रशासन ने दूसरी कैदी वैन मौके पर भेजी. करीब एक घंटे बाद दूसरी वैन पहुंची, जिसके बाद सभी कैदियों को सुरक्षित उसमें बैठाकर गोसाईंगंज जिला जेल भेजा गया.
सड़क पर वैन खड़ी होने से यातायात प्रभावित
कैदी वैन के सड़क पर खड़े रहने से वहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और देखते ही देखते जाम लग गया. सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया. पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित कर रास्ता साफ कराया.
पुलिस लाइन से मिलती है कैदी वैन
जेल अधीक्षक आरके जायसवाल के अनुसार, कैदियों को पेशी के लिए लाने-ले जाने के लिए पुलिस लाइन से वैन उपलब्ध कराई जाती है. वापसी के दौरान वैन में तकनीकी खराबी आने के बाद दूसरी वैन भेजकर कैदियों को जेल पहुंचाया गया. सहायक पुलिस आयुक्त ऋषभ यादव ने भी बताया कि जाम की सूचना पर पुलिसकर्मियों को भेजकर यातायात सुचारु कराया गया.
यह भी पढ़ें: बारिश के बीच UP के इस शहर में डेंगू की एंट्री! 32 साल के युवक में संक्रमण की पुष्टि, अब सात जोन में होगी निगरा
