Lucknow Crime News: लखनऊ के महिंगवां थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में रविवार-सोमवार की देर रात निर्माणाधीन मकान की छत पर सो रहे 25 वर्षीय सतीश यादव पर चाकू से हमला कर दिया गया. हमले में गंभीर रूप से घायल सतीश छत से नीचे खेत में जा गिरा. करीब 400 मीटर दूर वह बेसुध हालत में मिला. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस की मदद से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. डॉक्टरों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पांच दिन पहले ही शुरू की थी चौकीदार की नौकरी
परिजनों के मुताबिक, सतीश ने करीब पांच दिन पहले ही गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर बन रहे एक मकान में चौकीदार की नौकरी शुरू की थी. उसे अशोक नाम के ठेकेदार ने काम पर रखा था. बताया गया है कि मकान लखनऊ में रहने वाली एक महिला का है. सतीश रात में निर्माणाधीन मकान की छत पर ही सोता था. रविवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद वह घर से मकान पर सोने के लिए निकला था.
दो दिन पहले दी थी धमकी, पुराने विवाद पर परिवार को शक
सतीश के छोटे भाई शिवम यादव ने बताया कि गांव के ही सुनील और धीरज से उसके भाई का लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोप है कि दो दिन पहले दोनों ने सतीश को दौड़ाया था और उसे देख लेने की धमकी दी थी. परिवार को आशंका है कि इसी पुराने विवाद के चलते हत्या की गई हो सकती है. हालांकि, पुलिस की जांच में अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. रात करीब दो बजे गांव के एक युवक ने सतीश को खेत के पास घायल और बेसुध हालत में देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई.
दो संदिग्ध हिरासत में, पुराने विवाद समेत कई पहलुओं की जांच
सूचना मिलने पर महिंगवां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि चाकू से घायल सतीश की इलाज के दौरान मौत हो गई. शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस पुराने विवाद समेत हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
Must Read- लखनऊ में हाईकोर्ट वकील के घर चोरी, 45 लाख के गहने-कैश ले उड़े चोर, जाते-जाते छोड़ गए सुराग
