कांवड़ियों के कदमों को मिला आराम, सहारनपुर के शिविर में मसाज से लेकर इलाज और चार्जिंग तक का इंतजाम

Up News: सहारनपुर में कांवड़ यात्रियों के लिए एक अनूठा सेवा शिविर लगाया गया है. यहां न केवल भोजन और विश्राम की सुविधा है, बल्कि पैरों के दर्द से राहत के लिए मसाज मशीनें और डॉक्टरों की टीम भी मौजूद है. यात्रा को सुगम बनाने के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं.

Up News: कांवड़ यात्रा के दौरान पैदल चलकर लंबी दूरी तय करने वाले शिवभक्तों की सुविधा के लिए सहारनपुर में एक विशेष सेवा शिविर लगाया गया है. यहां कांवड़ियों को केवल भोजन और विश्राम की सुविधा नहीं, बल्कि पैरों के दर्द से राहत देने के लिए मसाज की व्यवस्था भी मिल रही है. शिविर में 21 फुट और थाई मसाज मशीनें लगाई गई हैं, जिनका उपयोग कर श्रद्धालु कुछ देर में अपने थके हुए पैरों को आराम दे सकते हैं. कंधे पर कांवड़ लेकर कई किलोमीटर चलने से पैरों में छाले, सूजन और दर्द की समस्या बढ़ जाती है. इसे देखते हुए जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों के पैरों की हाथ से मालिश भी की जा रही है, ताकि वे कुछ देर राहत पाने के बाद अपनी यात्रा आगे जारी रख सकें.

डॉक्टर की टीम मौजूद

शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए छह डॉक्टरों की टीम लगातार मौजूद है. चोट लगने, पैरों में छाले पड़ने, रैशेज होने या तेज दर्द की शिकायत लेकर पहुंचने वाले कांवड़ियों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है. ड्रेसिंग, मरहम पट्टी, दर्द की दवा, रैशेज के लिए दवाइयां और मसाज के लिए तेल भी उपलब्ध कराया गया है. कैंप के चेयरमैन दीपक खेड़ा ने बताया कि कांवड़ियों की सेवा का यह आयोजन 20वें वर्ष में पहुंच चुका है. पिछले वर्ष शिविर में छह मसाज मशीनें लगाई गई थीं, लेकिन यात्रियों की जरूरत को देखते हुए इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 21 कर दी गई है. उनका कहना है कि यात्रा के दौरान भोजन के साथ शरीर और पैरों को आराम मिलना भी उतना ही जरूरी है.

अस्थाई चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए

मोबाइल की जरूरत को देखते हुए शिविर में दो बड़े चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं. इन स्टेशनों पर एक साथ करीब 500 से 600 मोबाइल फोन चार्ज किए जा सकते हैं. कांवड़िये यात्रा के दौरान मोबाइल से घरवालों से संपर्क करते हैं, रास्ते की जानकारी लेते हैं और जरूरत पड़ने पर सहायता भी मांगते हैं. ऐसे में फोन की बैटरी खत्म होने पर उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए यह सुविधा शुरू की गई है. शिविर संचालकों के अनुसार बारिश के मौसम में हर व्यक्ति के पास पावर बैंक होना संभव नहीं है, इसलिए श्रद्धालु थोड़ी देर रुककर फोन चार्ज करने के साथ इलाज और मसाज की सुविधा ले सकते हैं. सेवा शिविर का उद्देश्य यही है कि कांवड़ियों की यात्रा अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुगम बन सके.

इनपुट: नटवर कुमार

यह भी पढ़े: गोरखपुर सपा का जोरदार प्रदर्शन, सीएम योगी पर साधा निशाना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >