UP Crime: चिरगांव थाना क्षेत्र के छिरौना गांव में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. पुलिस के मुताबिक, नाबालिग नातिन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर नाना की हत्या कर दी और शव घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया. शुरुआत में परिजनों और ग्रामीणों ने इसे हादसा समझा और बुजुर्ग का अंतिम संस्कार भी कर दिया था. करीब दो दिन बाद घर में मिले खून से सने कपड़ों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी.
प्रेमी के साथ नातिन को देख लिया था नाना ने
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन बुजुर्ग रामदीन कुशवाहा घर पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने नातिन को उसके प्रेमी विशाल के साथ घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मिलकर रामदीन पर हमला कर दिया. पुलिस जांच के मुताबिक, प्रेमी ने उनका गला दबाया, जबकि नातिन ने सिलबट्टे के पत्थर से सिर पर वार किया. इसके बाद दोनों ने शव को कुएं में फेंक दिया.
कुएं में मिला शव, हादसा मानकर कर दिया अंतिम संस्कार
रामदीन का शव कुएं से बरामद हुआ तो शुरुआत में परिजनों ने इसे दुर्घटना माना. पुलिस को सूचना दिए बिना उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. इसके बाद घर में सफाई के दौरान नातिन और रामदीन के खून से सने कपड़े मिले. कपड़ों पर खून के निशान देखकर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
पूछताछ में खुला पूरा मामला, दोनों हिरासत में
पुलिस ने नाबालिग नातिन से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद उसके प्रेमी विशाल को भी पकड़ लिया गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद करने की बात कही है. एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है. जिस मौत को शुरुआत में हादसा समझा गया था, उसके पीछे हत्या की कहानी सामने आने के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
