बस में ऊपर रखी थी मूंगफली, नीचे छिपी थी करोड़ों की चांदी, GST टीम भी रह गई हैरान

आगरा में स्टेट GST विभाग ने एक बस से करीब 250 किलो चांदी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. ई-वे बिल की जांच के दौरान पकड़ी गई यह चांदी मूंगफली और स्पेयर पार्ट्स के नीचे छिपाई गई थी.

Agra Crime News : उत्तर प्रदेश के आगरा में स्टेट GST विभाग की टीम ने टैक्स चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बस से करीब 250 किलो चांदी बरामद की है. चांदी की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसे बस के जरिए इंदौर से आगरा लाया जा रहा था. फिलहाल GST विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है.

ई-वे बिल की जांच के दौरान रोकी गई बस

स्टेट GST विभाग की टीम सैंया टोल प्लाजा पर ई-वे बिल की जांच के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान अधिकारियों ने एक बस को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान बस में स्पेयर पार्ट्स और मूंगफली रखी मिली. सामान को देखकर शुरुआत में कुछ असामान्य नहीं लगा. लेकिन अधिकारियों को शक हुआ तो उन्होंने सामान को हटाकर दोबारा जांच की.

मूंगफली और स्पेयर पार्ट्स के नीचे छिपी थी चांदी

सामान हटाने के बाद टीम को उसके नीचे छिपाकर रखी गई चांदी दिखाई दी. इसके बाद अधिकारियों ने चांदी को अपने कब्जे में ले लिया और उसका वजन कराया. वजन करीब 250 किलो निकला. बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

बस से मिले संदिग्ध बिल, अब दस्तावेजों की जांच

चांदी के साथ बस से कई संदिग्ध बिल भी बरामद किए गए हैं. GST विभाग की टीम अब इन बिलों की जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि चांदी की खरीद-बिक्री और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेज सही हैं या नहीं.

गुजरात से इंदौर और फिर आगरा पहुंची चांदी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चांदी को पहले गुजरात के राजकोट से बस के जरिए इंदौर भेजा गया था. इसके बाद इंदौर से इसे आगरा लाया जा रहा था. अब GST विभाग की टीम चांदी के पूरे रास्ते और इससे जुड़े कारोबारियों की जानकारी जुटा रही है.

टैक्स चोरी की भी जांच कर रहा विभाग

GST विभाग यह भी पता लगा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी को किन दस्तावेजों के आधार पर भेजा जा रहा था. साथ ही यह जांच की जा रही है कि कहीं टैक्स चोरी या बिलों में हेरफेर तो नहीं किया गया. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी. विभाग ने कहा है कि टैक्स में हेरफेर या टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : यूपी में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना, 10 जिलों में अलर्ट, नदियां पहले से उफान पर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >