UP Crime News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला में 19 वर्षीय युवती हिना की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि युवती के चाल-चलन पर शक होने के कारण उसके पिता और सौतेली मां ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
एक जुलाई को कांधला के मोहल्ला इलियास नगर स्थित घर में हिना का शव पंखे से लटका मिला था. शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने पिता अहसान और सौतेली मां गुफराना से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली.
हत्या के बाद आत्महत्या का दिया रूप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना वाले दिन अपने दोनों बेटों को मदरसे भेज दिया था. घर में हिना के अकेले होने पर सौतेली मां ने उसके पैर पकड़े, जबकि पिता ने दुपट्टे और हाथों से उसका गला दबा दिया. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया और पड़ोसियों को आत्महत्या की सूचना दी गई. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मामले का आरोप दूसरे लोगों पर डालने की भी कोशिश की.
बदनामी के डर में उठाया खौफनाक कदम
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हिना पड़ोस में रहने वाले एक युवक से बातचीत करती थी. इसी बात को लेकर उन्हें परिवार की बदनामी का डर था. पुलिस के मुताबिक, इसी आशंका के चलते दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
फरार होने की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी परिवार सहित घर छोड़कर कैराना चले गए थे और पंजाब या हरियाणा जाने की तैयारी में थे. इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच जारी है.
Also Read: मनरेगा में लापरवाही पड़ी भारी, डिप्टी CM के निर्देश पर अधिकारी संजय पांडेय सस्पेंड
