Video : हापुड़ में प्रशासन ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार रात एक घर पर छापेमारी कर 32 गैस सिलेंडर बरामद किए. इनमें 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर शामिल थे. जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले के डीएम के निर्देश पर हर तहसील में टीमें बनाकर लगातार पेट्रोलिंग कराई जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है.
देर रात प्रशासन को अवैध गैस सिलेंडर के बारे में जानकारी मिली
बालियान ने बताया कि कल रात (12 मार्च) करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने निजी घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जमा कर रखे हैं. सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया. इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
अधिकारी ने यह भी कहा कि हापुड़ में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति है. लोगों से अपील की गई है कि वे ऑनलाइन बुकिंग कर अपनी गैस एजेंसी से सिलेंडर लें.
अवैध गैस सिलेंडर रखे जाने का वीडियो आया सामने
अवैध गैस सिलेंडर जिस घर में रखे गए थे, वहां का वीडियो सामने आया है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में नजर आ रहा है कि घर के बाहर भीड़ जमा है. भीड़ के सामने अवैध गैस सिलेंडर कतार में रखे नजर आ रहे हैं. एक-एक करके सभी गैस सिलेंडर को घर से बाहर निकाला जा रहा है.
