UP News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती से रिश्तों को उलझा देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि पति रोजी-रोटी कमाने के लिए मुंबई गया था, इसी दौरान उसकी पत्नी की फोन पर अपने ही बुआ के बेटे से बातचीत शुरू हो गई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बात कथित प्रेम संबंध तक पहुंच गई. आरोप है कि महिला अपने पांच बच्चों और परिवार को छोड़कर बुआ के बेटे के साथ फरार हो गई. पति का दावा है कि महिला घर से करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी ले गई है.
फोन पर बातचीत से बढ़ीं नजदीकियां
मामला गिलौला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. मिली जानकारी के मुताबिक, महिला का पति काम के सिलसिले में मुंबई में रहता था. घर पर महिला अपने पांच बच्चों और सास के साथ रहती थी, इसी दौरान महिला की फोन पर चंडीगढ़ में रहने वाले अपने बुआ के बेटे सूरज से बातचीत शुरू हुई. सूरज मूल रूप से नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है और चंडीगढ़ में मजदूरी करता है. पति का आरोप है कि मोबाइल पर दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ती गईं.
पांच बच्चों को छोड़कर चली गई महिला
आरोप है कि दोनों के बीच संबंध इतने बढ़ गए कि महिला अचानक घर छोड़कर सूरज के साथ चली गई. महिला के लापता होने की जानकारी जब पति को मिली तो वह मुंबई से वापस घर पहुंचा. पति का कहना है कि उसने पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर पत्नी को तलाशने और घर से ले जाए गए सामान को वापस दिलाने की गुहार लगाई.
तीन लाख के जेवर और नकदी ले जाने का आरोप
पति ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि पत्नी घर से करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी अपने साथ ले गई है। पति का कहना है कि पत्नी और जेवर-कैश नहीं मिले तो उसका परिवार आर्थिक संकट में फंस जाएगा. हालांकि, महिला अपने साथ कितना सामान लेकर गई है और उसके आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
सबसे छोटे बच्चे की उम्र महज चार साल
महिला के पांच बच्चे हैं, इनमें सबसे छोटे बच्चे की उम्र करीब चार साल बताई जा रही है. परिवार के मुताबिक, बड़ी बेटी की शादी भी अगले साल प्रस्तावित है. ऐसे में मां के अचानक घर छोड़कर चले जाने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है. पति का कहना है कि वह पत्नी को वापस लाने के साथ-साथ घर से ले जाए गए जेवर और नकदी भी वापस चाहता है. उसने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस कर रही महिला की तलाश
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. महिला कहां गई है और उसके साथ कौन गया है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के अनुसार, महिला का पता लगाने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पांच बच्चों की मां के घर छोड़कर चले जाने की घटना के बाद इलाके में भी इसकी चर्चा है. अब परिवार को महिला के वापस लौटने और बच्चों से दोबारा मिलने का इंतजार है.
