ऑक्सीजन देने के बाद बच्चा फूल गया', हरदोई में मासूम की मौत पर परिजनों का आरोप

UP News: इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे 8 महीने के मासूम की सरकारी एंबुलेंस में मौत हो गई. परिजनों ने एंबुलेंस स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

UP News: हरदोई से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. इलाज के लिए लखनऊ ले जाए जा रहे 8 महीने के मासूम की सरकारी एंबुलेंस में ही मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस स्टाफ ने बच्चे को जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन दे दी, जिससे उसका शरीर फूलने लगा और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ रेफर होने के दौरान एंबुलेंस में हुई मौत

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के नयागांव मुबारकपुर के मजरा गोंधाई निवासी बब्बू के 8 महीने के बेटे अरविंद की सरकारी एंबुलेंस में मौत हो गई. बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया था. परिजनों ने उसे सरकारी एंबुलेंस में लिटाया, लेकिन उनका आरोप है कि रास्ते में एंबुलेंस स्टाफ की लापरवाही के कारण उसकी जान चली गई. परिजनों के मुताबिक, एंबुलेंस में मौजूद स्टाफ ने बच्चे के मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगाया और सिलेंडर से ऑक्सीजन का फ्लो अचानक तेज कर दिया. उनका कहना है कि इसके कुछ ही मिनट बाद बच्चे का पेट और शरीर फूलने लगा और एंबुलेंस के अंदर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है.

दस्त और बुखार के बाद मेडिकल कॉलेज में कराया था भर्ती

मृतक बच्चे के पिता बब्बू ने बताया कि उनके चार बच्चों में सबसे छोटा बेटा अरविंद पिछले दो-तीन दिनों से दस्त और बुखार से पीड़ित था. बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे उसे इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान जब बच्चे की हालत गंभीर हुई, तो डॉक्टरों ने रात करीब एक बजे उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया. इसके बाद सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई.

'ऑक्सीजन लगते ही फूलने लगा बच्चा', पिता का आरोप

बच्चे के पिता का आरोप है कि जब वह एंबुलेंस में सामान रख रहे थे, तभी चालक और परिचालक ने बच्चे को ऑक्सीजन देना शुरू कर दिया. उनका कहना है कि ऑक्सीजन का फ्लो बहुत तेज कर दिया गया था. पिता के मुताबिक, ऑक्सीजन लगने के कुछ ही देर बाद बच्चे का शरीर और पेट फूलने लगा. देखते ही देखते उसकी सांसें थम गईं. घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

शहर कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मासूम के शव का पंचनामा भरकर दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Also Read: गाजियाबाद में खौफनाक बदला: एक थप्पड़ की रंजिश में 15 वर्षीय किशोरी को चौथी मंजिल से दिया धक्का, कई हफ्तों से कर रहा था पीछा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Lucky Kumari

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >