UP News: गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो के एक विमान की लैंडिंग के दौरान पिछला हिस्सा जमीन से टकराने की घटना सामने आई है. घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है. हादसे के बाद विमान को जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है. घटना में विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे.
लैंडिंग से पहले किया गो-अराउंड
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E2381 गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान सुरक्षा कारणों से पहले गो-अराउंड कर गई थी. यानी विमान ने उस समय लैंडिंग नहीं की और दोबारा चक्कर लगाने के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतरा. इस दौरान किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की जानकारी नहीं है.
विमान के पिछले हिस्से में मिले निशान
लैंडिंग की घटना के बाद मामले की जानकारी (DGCA) को दी गई. इसके बाद जांच टीम गोरखपुर पहुंची और विमान का निरीक्षण किया. जांच के दौरान विमान के APU इनलेट के पास खरोंच के निशान पाए गए. इसके बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया.
जांच और मरम्मत का काम जारी
घटना के बाद इंडिगो की ओर से विमान की आवश्यक जांच और मरम्मत का काम शुरू किया गया है. एयरलाइन के मुताबिक, विमान को सभी जरूरी जांच और मंजूरी मिलने के बाद ही दोबारा उड़ान सेवा में शामिल किया जाएगा. फिलहाल विमान ग्राउंडेड है और तकनीकी टीम इसकी स्थिति की जांच कर रही है.
यात्रियों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
इंडिगो ने कहा है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. घटना के दौरान विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे. विमान की तकनीकी स्थिति की पूरी तरह पुष्टि और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही उसे सेवा में वापस लाया जाएगा.
Also Read: बिना टिकट सफर पड़ा भारी, रुनकता स्टेशन पर 135 यात्रियों से ₹69,480 जुर्माना वसूला
