उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क, 7 फीट गहरे गड्ढे के ऊपर बिछी सड़क जैसी चादर...

गंगा एक्सप्रेसवे पर बारिश के बाद सड़क का धंसना चिंताजनक है.उन्नाव में 7 फीट गहरे गड्ढे को सड़क जैसी चादर से ढकने का प्रयास किया गया, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.

UP News: बारिश के बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर फिर ऐसा नजारा सामने आया है, जिसने एक्सप्रेसवे की हालत को लेकर चिंता बढ़ा दी है. उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर करीब सात फीट गहरा गड्ढा हो गया. हैरानी तब हुई, जब गड्ढे को ढकने के लिए सड़क के रंग जैसी चादर बिछी दिखाई दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. गड्ढे के कारण मेरठ से प्रयागराज जाने वाली लेन को बंद करना पड़ा है.

पांच दिन की बारिश के बाद खुली सड़क

जानकारी के मुताबिक, यह गड्ढा उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में बसीरतगंज गांव के पास किलोमीटर संख्या 423.6 पर हुआ है. यहां करीब सात फीट गहरा और पांच फीट चौड़ा गड्ढा बना है. यह जगह बसीरतगंज टोल प्लाजा के पास रेस्ट एरिया के नजदीक है. पिछले पांच दिनों से उन्नाव में रुक-रुककर बारिश हो रही है. इसी दौरान सोमवार देर रात सड़क धंसने की बात सामने आई.

14 दिन में दूसरी बार धंसी सड़क

गंगा एक्सप्रेसवे पर इस मानसून सीजन में सड़क धंसने का यह दूसरा मामला है. इससे पहले 17 अगस्त को दही थाना क्षेत्र के सोनिक गांव के पास सड़क धंस गई थी. तब करीब 200 मीटर हिस्से के किनारे की मिट्टी बह गई थी. इसके बाद सड़क की मरम्मत में दो दिन लगे थे. अब करीब 14 दिन बाद उसी इलाके से लगभग ढाई किलोमीटर आगे सड़क फिर धंस गई है.

मरम्मत में जुटी कार्यदायी संस्था

गहरे गड्ढे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही को लेकर खतरा बढ़ गया. इसके चलते प्रयागराज की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया. बताया जा रहा है कि कार्यदायी संस्था ने आनन-फानन में मरम्मत का काम शुरू कर दिया है. वहीं वायरल वीडियो में गड्ढे के ऊपर सड़क के रंग जैसा कपड़ा बिछा नजर आ रहा है. इससे सड़क की स्थिति और उसे ढकने की कोशिश को लेकर सवाल उठ रहे हैं. करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है.

Also Read: लखनऊ में आज से बदलेगा ट्रैफिक रूट, दिलकुशा क्रॉसिंग पर बनेगा 650 मीटर लंबा आरओबी, जानिए किन रास्तों से गुजरेंगे वाहन...

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >