UP Crime News: किसानों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में बरेली क्राइम ब्रांच ने पूर्व राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को मेरठ से पकड़ा. इसके बाद उसे बरेली लाकर भोजीपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी पर होटल और फैक्टरी खोलने के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर किसानों से रकम ठगने के आरोप हैं.
जमीन खरीदने का झांसा देकर ठगी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बरेली समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में होटल और फैक्टरी खोलने के नाम पर किसानों से जमीन खरीदने का झांसा दिया गया. आरोप है कि इसी के जरिए किसानों से करोड़ों रुपये की ठगी की गयी. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में ठगी के एक बड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आयी है.
38 मुकदमों में नाम, 25 हजार रुपये का इनाम
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र निवासी पन्नालाल कश्यप के खिलाफ करीब 38 मुकदमे दर्ज बताए गये हैं. बरेली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भोजीपुरा और मीरगंज थाना क्षेत्रों में सबसे अधिक मामले दर्ज हैं.
गाजियाबाद में चकमा देकर निकला, मेरठ से पकड़ा गया
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम ने इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में गाजियाबाद में दबिश दी थी. पुलिस के अनुसार, वहां आरोपी टीम को चकमा देकर निकल गया. इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी और मेरठ से उसे गिरफ्तार कर लिया.
तीन साल से शिकायत लेकर भटक रहे थे किसान
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित किसान करीब तीन वर्षों से शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रयास कर रहे थे. लगभग दो वर्ष पहले तत्कालीन आईजी राकेश कुमार सिंह और मौजूदा एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले का संज्ञान लिया. इसके बाद पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गयी.
2007 में बसपा सरकार में रह चुका है राज्यमंत्री
पुलिस के अनुसार, पन्नालाल कश्यप वर्ष 2007 में बसपा सरकार में राज्यमंत्री रह चुका है. एसएसपी अनुराग आर्य ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और कथित ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
