Varanasi Airport Firing: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान अचानक गोली चलने से अफरातफरी मच गई. मुंबई जाने वाली उड़ान के एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ यात्रा के लिए हथियार घोषित किया था. टर्मिनल भवन में हथियार की जांच के दौरान उससे एक राउंड फायर हो गया. गोली लगने से एएआईसीएलएएस की दो महिला स्क्रीनर्स घायल हो गईं. घटना के तुरंत बाद दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया.
मुंबई जाने वाली उड़ान से जुड़ी घटना
अधिकारियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या आईएक्स-1810 की सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान हुई. यात्री के घोषित हथियार की जांच एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मी कर रहे थे. इसी दौरान अचानक फायर होने से वहां मौजूद दो स्क्रीनर्स इसकी चपेट में आ गईं. गोली चलने की आवाज से टर्मिनल भवन में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. बाद में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई.
घायलों को ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती
घटना में घायल दोनों कर्मियों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, घायल महिला का नाम सुमन कुमारी बताया गया है, जबकि एक अन्य घायल के रूप में रोहित राज का नाम सामने आया है. हालांकि, अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़े सभी तथ्यों की विस्तृत पुष्टि जांच के बाद किए जाने की बात कही गई है.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं जांच
गोली चलने की घटना के बाद पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि यात्री के हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा जांच के दौरान ऐसी स्थिति कैसे बनी. हथियार को एयरपोर्ट तक लाने, उसके रखरखाव और जांच प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी.
यह भी देखें: अखिलेश यादव से सियासी दूरी, फिर भी मुलायम परिवार की तारीफ, बृजभूषण बोले- वहां दिखते थे संस्कार
