मेरठ में 65 वर्षीय वृद्धा की ईंट से कूचकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव, लूट के बाद हत्या का आरोप

मेरठ के गणेशपुर गांव में 65 वर्षीय वृद्धा की निर्मम हत्या से हड़कंप मच गया. महिला का शव सड़क किनारे मिला, चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे. परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या का आरोप लगाया है.

UP Crime News: मेरठ स्थित हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में रविवार सुबह 65 वर्षीय वृद्धा विमला की हत्या से सनसनी फैल गई. महिला का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बिजनौर-मवाना मार्ग पर पुरानी दुकानों के पास सड़क किनारे पड़ा मिला. शव के पास ही खून से सनी ईंट भी पड़ी थी. महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों ने महिला की हत्या लूट के बाद किए जाने का आरोप लगाया है.

सुबह पांच बजे खेत के लिए निकली थी विमला

मृतका की पहचान गणेशपुर निवासी विमला पत्नी सुरेश के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, विमला आज रविवार को घर से खेत जाने के लिए निकली थी. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. कुछ देर बाद ग्रामीणों को बिजनौर-मवाना मार्ग पर पुरानी दुकानों के पास सड़क किनारे महिला का शव पड़ा होने की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी.

चेहरे पर गंभीर चोट के निशान

पुलिस के मुताबिक, महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था. शव के पास खून से सनी ईंट मिलने से आशंका जताई जा रही है कि महिला पर ईंट से हमला किया गया होगा. हालांकि, चोट किस तरह लगी और मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा.

तीन बेटे हैं, खेती-किसानी करते हैं

विमला के तीन बेटे महेंद्र, मोनू और जोनी हैं. तीनों शादीशुदा हैं और खेती-किसानी करते हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई.

सोने की बालियां और चांदी की पायल गायब

परिजनों ने आरोप लगाया कि विमला के कानों में सोने की बालियां, पैरों में चांदी की पायल और गले में पहना ताबीज गायब है. इसी आधार पर उन्होंने लूट के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया. परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार करने लगे और मौके पर हंगामा किया.

कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना पर सीओ पंकज लवानिया समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक समझाने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी.

दो टीमें जांच में जुटीं

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. महिला के चेहरे पर ईंट से हमला किया गया या चोट किसी अन्य तरीके से लगी, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा. पुलिस लूट के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: 5 हजार साल पुराना वो राज! पहली भागवत कथा किसने और किसे सुनाई थी? CM योगी ने बताया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >