UP Bihar Train Ticket: दीवाली और छठ पूजा में अभी करीब दो महीने कादीवाली-छठ पर घर जाना है? अभी टिकट नहीं लिया तो बढ़ सकती है आपकी परेशानी, 2 महीने पहले ही फुल हुईं यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनें समय है, लेकिन घर लौटने की तैयारी करने वाले यात्रियों की चिंता अभी से बढ़ गई है. दिल्ली, मुंबई और गुजरात से यूपी, बिहार व झारखंड आने वाली कई ट्रेनों में टिकट की स्थिति बेहद खराब है. कई ट्रेनों में कंफर्म टिकट तो दूर, वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है. ऐसे में त्योहार पर घर पहुंचने की राह अब रेलवे की स्पेशल ट्रेनों पर टिकी नजर आ रही है.
दिल्ली से बिहार-यूपी की ट्रेनों में लंबी वेटिंग
दिल्ली से पटना और यूपी के अलग-अलग शहरों की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में नवंबर के आसपास सीटें तेजी से भर चुकी हैं. नई दिल्ली-राजेंद्र नगर पटना तेजस राजधानी, डिब्रूगढ़ राजधानी, अगरतला तेजस राजधानी, बाबा बैद्यनाथ धाम एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, ब्रह्मपुत्र मेल, सीमांचल, मगध, महानंदा, श्रमजीवी और फरक्का एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है. कई में लंबी वेटिंग चल रही है.
दिल्ली-वाराणसी रूट पर भी मुश्किल
दिल्ली से वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए भी राहत नहीं है. शिवगंगा एक्सप्रेस में वेटिंग टिकट की स्थिति बनी हुई है. स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी को छोड़कर दूसरे क्लास में टिकट उपलब्धता बेहद सीमित है. लिच्छवी, महामना और सद्भावना एक्सप्रेस में भी यात्रियों को कंफर्म टिकट के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मुंबई से पटना और यूपी का सफर भी कठिन
मुंबई से बिहार आने वाली ट्रेनों में भी यही स्थिति है. मुंबई से आसनसोल जाने वाली एक्सप्रेस में फिलहाल थर्ड एसी में वेटिंग टिकट मिल रहा है, जबकि स्लीपर और सेकंड एसी में नो रूम है. एलटीटी-डिब्रूगढ़, एलटीटी-पाटलिपुत्र और लोकमान्य तिलक-राजगीर एक्सप्रेस के कई क्लास में टिकट उपलब्ध नहीं है. मुंबई-वाराणसी रूट पर भी यात्रियों को लंबी वेटिंग या नो रूम की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है.
गुजरात से आने वाली ट्रेनों में भी सीटें फुल
गुजरात से यूपी-बिहार आने वाली ट्रेनों में भी टिकट मिलना आसान नहीं है. अहमदाबाद-सिलचर एक्सप्रेस और अजीमाबाद एक्सप्रेस में दिवाली के आसपास वेटिंग टिकट तक उपलब्ध नहीं होने की स्थिति बताई जा रही है. उधना-वाराणसी के बीच चलने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में भी टिकट की मांग काफी बढ़ गई है. त्योहार के करीब आने पर दबाव और बढ़ने की आशंका है.
अब स्पेशल ट्रेनों से उम्मीद
दिवाली और छठ पर हर साल बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई और गुजरात से अपने घर लौटते हैं. इस बार भी सामान्य ट्रेनों में सीटें तेजी से भरने के बाद यात्रियों की उम्मीद रेलवे की फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों पर है. इन ट्रेनों की घोषणा और संचालन से यात्रियों को राहत मिलने की संभावना है. फिलहाल जिन लोगों ने यात्रा की योजना बनाई है, उनके लिए टिकट की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बनी हुई है.
