UP Politcs: राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को संसद परिसर में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने एक दान पात्र में स्वेच्छा से राशि जमा की. इस अभियान में सांसद डिंपल यादव सबसे सक्रिय नजर आईं. वह चंदा एकत्र करने के साथ-साथ बाद में नोट और सिक्कों की गिनती के दौरान भी मौजूद रहीं. सपा नेताओं के मुताबिक अब तक 47,100 रुपये जुटाए जा चुके हैं. डिंपल यादव ने X पर पोस्ट कर कहा कि लगता है, “डबल इंजन” में पारदर्शिता का पहिया ही गायब हो गया है. ‘चढ़ावा चोरी’ के खिलाफ आवाज अब दबने वाला नहीं है. इस दौरान प्रदर्शन करने वाले सभी सांसदों ने "चढ़ावा चोर-द्दी छोड़" के नारे भी लगाए.
मीडिया के सामने गिने गए रुपये, मंदिर में दान का दावा
समाजवादी पार्टी का कहना है कि पूरी गिनती मीडिया कैमरों के सामने कराई जा रही है ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे. पार्टी नेताओं ने बताया कि सांसदों से जुटाई गई धनराशि वैध रसीद के साथ किसी मंदिर में दान की जाएगी. कुछ नेताओं ने दिल्ली के हनुमान मंदिर का भी जिक्र किया, जबकि अंतिम निर्णय पार्टी की ओर से लिया जाएगा. सपा का कहना है कि यह राशि प्रदर्शन के दौरान मिले जनसहयोग का प्रतीक है और इसे धार्मिक स्थल पर ही समर्पित किया जाएगा.
राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान सपा सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की. सांसदों ने नारेबाजी कर कहा कि आस्था के नाम पर जुटाई गई राशि का पूरा हिसाब देश के सामने रखा जाना चाहिए. पार्टी का आरोप है कि इस मामले में पारदर्शिता जरूरी है, जबकि सरकार की ओर से पहले ही मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की जा चुकी है और जांच जारी है.
सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल
संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, इनमें सांसदों को दान पात्र में राशि डालते और बाद में नोट-सिक्कों की गिनती करते देखा जा सकता है. हालांकि, प्रदर्शन के दौरान लगाए गए नारों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे कई दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल, तथ्यात्मक रूप से इतना स्पष्ट है कि समाजवादी पार्टी ने इसे एक प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन बताया है और जुटाई गई राशि मंदिर में दान करने की घोषणा की है.
Also Read: महिलाओं को अपनी सोच से चलाना चाहते हैं BJP और RSS, बेटियों से माफी मंगवाने पर भड़की डिंपल यादव
