ये कैसा प्यार! प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ गयी युवती, 2 घंटे तक समझाती रही पुलिस, जानें पूरा मामला

देवरिया में प्रेमी से शादी की जिद में किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई. पुलिस ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा. मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Deoria Love Story : शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में लार थाना क्षेत्र के पटनेजी इलाके में एक किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसे टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और काफी संख्या में लोग जुट गये. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा.

प्रेमी से शादी की मांग पर अड़ी रही किशोरी

टावर पर पहुंचने के बाद किशोरी नीचे आने के लिए तैयार नहीं थी. वह लगातार अपने प्रेमी से शादी करने की बात कह रही थी. पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही. किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह मईल थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है. उसका कहना था कि उसके परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.

पहचान के लिए ड्रोन कैमरे की ली मदद

किशोरी ने अपना चेहरा ढक रखा था. ऐसे में पुलिस को उसकी पहचान करने में परेशानी हो रही थी. स्थिति और पहचान का पता लगाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद ली. लार थाना प्रभारी राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस लगातार किशोरी से नीचे आने की अपील करती रही. बाद में लाउडस्पीकर और माइक की व्यवस्था कर उससे बातचीत शुरू की गयी.

ढाई घंटे की कोशिश के बाद नीचे उतरी

पुलिस और स्थानीय लोगों ने किशोरी को समझाया कि उसकी बात सुनी जायेगी और उसकी मांग से जुड़े मामले में कार्रवाई की जायेगी. करीब दो से ढाई घंटे तक चले प्रयास के बाद किशोरी मान गयी.इसके बाद वह सुरक्षित तरीके से मोबाइल टावर से नीचे उतर आयी. घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही. पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.

30 अगस्त को दर्ज हुआ था युवक के खिलाफ केस

टावर से नीचे उतरने के बाद किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह युवक से शादी करना चाहती है. उसने यह भी बताया कि उसके परिवार की ओर से युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. किशोरी के मुताबिक, युवक के खिलाफ 30 अगस्त को लार थाने में केस दर्ज कराया गया था. इस मामले में उसका बयान भी दर्ज हो चुका है. अब वह अपने प्रेमी से शादी करने की मांग कर रही है.

पुलिस ने सुरक्षित उतारा, आगे की कार्रवाई जारी

सीओ गौरव सिंह ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को लार थाना क्षेत्र में एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में है.

Also Read : पहले 5G दो, फिर छोड़ेंगे, टावर पर पहुंचे तकनीशियन को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, 5 लोग हिरासत में

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >