लखनऊ: राजनीति के मंच पर अक्सर मुखर रहने वाले उत्तर प्रदेश के सीतापुर से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी शुक्रवार को एक पिता के रूप में टूटे हुए नजर आए. फेसबुक लाइव में उन्होंने कहा कि वह यह बात किसी जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि अपनी बेटी के पिता की हैसियत से कह रहे हैं. लाइव के दौरान कई बार उनका दर्द साफ झलकता रहा. उन्होंने कहा कि जिस बेटी को उन्होंने मेहनत से पढ़ाकर एमबीबीएस डॉक्टर बनाया, उसकी शादी में ही उनके साथ ऐसा धोखा हुआ, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.
2024 में हुई थी बेटी की शादी
विधायक ज्ञान तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी की शादी प्रखर त्रिवेदी से पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से की थी. शादी से पहले उन्होंने कई परिचित लोगों से परिवार की जानकारी भी ली थी. उन्हें बताया गया था कि लड़के का परिवार सम्मानित है और रियल एस्टेट का कारोबार करता है, इसी भरोसे पर उन्होंने बेटी का रिश्ता तय किया.
विधायक ने लगाए कई गंभीर आरोप
फेसबुक लाइव में विधायक ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें पता चला कि उनके समधी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. उन्होंने दावा किया कि उन पर अलग-अलग महिलाओं के साथ धोखाधड़ी और शादी के नाम पर ठगी के आरोप लगे हैं तथा वह इस समय जेल में हैं. विधायक ने कहा कि अगर उन्हें पहले यह जानकारी होती तो वह कभी अपनी बेटी की शादी उस परिवार में नहीं करते.
'मैं भी ठगी का शिकार हुआ'
भावुक होते हुए ज्ञान तिवारी ने कहा, "आज मुझे लगता है कि मैं भी ठगा गया हूं. जिस बेटी को पढ़ा-लिखाकर डॉक्टर बनाया, उसके साथ अन्याय हुआ है" उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी चाहेगी तो वह भी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराएंगे. उनका कहना था कि यदि जांच में बेटे की भी भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
बेटी के साथ खड़े रहने का वादा
विधायक ने अपनी बेटी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वह आत्मनिर्भर है और अपने पैरों पर खड़ी है. उन्होंने कहा, "मेरी बेटी डॉक्टर है, वह अपना जीवन सम्मान के साथ जी सकती है. जब तक मैं जीवित हूं, उसे किसी चीज की चिंता करने की जरूरत नहीं है". उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी बेटी के लिए अलग घर बनवाने तक को तैयार हैं.
कड़ी कार्रवाई की मांग
बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने संबोधन के अंत में मांग की कि महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े.
नोट: इस खबर में लगाए गए सभी आरोप भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी के फेसबुक लाइव में दिए गए सार्वजनिक बयान पर आधारित हैं. संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: एक बेटी प्रेग्नेंट थी, दूसरी ने की लव मैरिज... आगरा में 48 घंटे में दो बेटियों की हत्या
