UP Crime: उत्तर प्रदेश के बांदा में इलाज कराने जा रहा चार साल का बच्चा चंद्रावल नदी में गिरकर लापता हो गया. हादसा जसपुरा थाना क्षेत्र में पड़ौरा गांव के पास हुआ. बच्चा अपनी मां और बाबा के साथ इलाज के लिए जा रहा था. नदी के रपटे को पार करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज पानी में जा गिरा.
मां की आंखों के सामने नदी में गिरा मासूम
बच्चे के नदी में गिरते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पानी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ तलाश शुरू कराई गई.
PAC के बाद SDRF को भी लगाया गया
बच्चे की तलाश के लिए PAC टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. SDRF की मदद से नदी में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. डिप्टी SP सौरभ सिंह के अनुसार, पुलिस और बचाव दल लगातार बच्चे की तलाश में जुटे हैं.
रपटे पर पहले ही लगी थी आवाजाही पर रोक
बताया गया कि हाल की बारिश के कारण रपटे पर पानी जमा था. प्रशासन की ओर से यहां आवाजाही रोकने के इंतजाम किए गए थे और लोगों को रोकने के लिए दीवार भी बनाई गई थी. इसके बावजूद लोग इस रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ. चार साल का प्रियांशु तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का है. उसके पिता अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और नदी में बच्चे की तलाश जारी है.
