बलिया में कचहरी से लौट रहे अधिवक्ता पर चाकू से हमला, पीठ में वार कर फरार हुए बाइक सवार, दो संदिग्ध हिरासत में

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक अधिवक्ता पर कचहरी से लौटते समय जानलेवा हमला हुआ है. बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने पीठ में चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया. पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जमीन विवाद के एंगल से जांच कर रही है.

UP News: प्रदेश के बलिया जिले में बुधवार सुबह कचहरी से अपने गांव लौट रहे एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर दिया गया. बाइक सवार अज्ञात हमलावर ने पीछे से उनकी पीठ में चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया. घायल अधिवक्ता की पहचान रितेश तिवारी (45) पुत्र स्वर्गीय गोपाल तिवारी, निवासी जीराबस्ती, थाना सुखपुरा के रूप में हुई है. घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक हुआ कि अधिवक्ता संभल भी नहीं सके. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.

दो संदिग्ध हिरासत में, जमीन विवाद की जांच

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने दोपहर करीब 12:30 बजे जारी वीडियो बयान में बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद सामने आया है. हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.

एएसपी ने क्या कहा?

एएसपी संजय वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है. दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: लखनऊ विधानसभा तक पहुंचे आंदोलनकारी, लाठी लेकर CM आवास घेरने को बैरिकेडिंग पर चढ़े सपा-कांग्रेस कार्यकर्ता



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >