UP Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रिश्तों के टूटने और पारिवारिक विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पर एक पति ने पत्नी मनीषा (26) की फरसे से हमला कर हत्या कर दी. इस घटना के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की और उसे बोरे में भर कर नहर में फेंकने या कहीं दबाने की योजना बना रहा था, लेकिन बोरा उठा नहीं सका. इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या की जानकारी दे दी. यह घटना जिले के रटौल क्षेत्र के खैला गांव की है.
लव मैरिज का दर्दनाक अंत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल और मनीषा की मुलाकात करीब नौ साल पहले हरिद्वार में हुई थी, जहां दोनों रहते थे. प्रेम संबंध के बाद दोनों ने आठ साल पहले कोर्ट मैरिज कर बागपत तथा गाजियाबाद में साथ रहने लगे. इसी दौरान मनीषा किसी अन्य लड़के के संपर्क में आ गई और करीब चार साल पहले अपने बेटे को साथ लेकर बंगलूरु चली गई. जबकि बेटी अनन्या उर्फ मिष्ठी राहुल के पास ही रही. पुलिस के अनुसार, मनीषा शुक्रवार को बेटी को अपने साथ ले जाने के लिए गांव आई थी. शनिवार को इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया. राहुल बेटी को भेजने के खिलाफ था, जबकि मनीषा उसे अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ी थी. इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया और वारदात को अंजाम दे दिया गया.
अब पति की हत्या से मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार राहुल ने गुस्से में फरसे से मनीषा की गर्दन और कमर पर कई वार कर दिए, इससे मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई. पति राहुल ने हत्या के आधा घंटे बाद खुद ही डायल-112 पर पुलिस को फोन करके पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी. घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद कर लिया.
आपत्तिजनक वीडियो डालने पर होता था झगड़ा
पुलिस के अनुसार हत्यारोपी राहुल मनीषा के वीडियो बनाने से भी नाराज रहता था. राहुल ने बताया कि सोशल मीडिया पर मनीषा फेमस होना चाहती थी. मनीषा दूसरी जाति से होने के बावजूद इंस्टाग्राम आईडी पर खुद को ठाकुर लिखती थी. इसके अलावा आपत्तिजनक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर अपलोड करती थी, जिसका राहुल ने कई बार विरोध किया. इसको लेकर दोनों में झगड़ा होता रहता था, इस तरह उनके बीच विवाद पहले से चल रहा था.
यह भी पढ़ें: यूपी में भाजपा का मास्टरस्ट्रोक, इस बार चुनावी मैदान में उतरेंगे बड़े चेहरे, मंत्री से लेकर एमएलसी तक लड़ेंगे चुनाव
