UP Crime News: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस और STF ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में शामिल दो 50-50 हजार रुपये के इनामी शूटर मोहित और सुमित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए. दोनों के एनकाउंटर के बाद मृतक अंकित के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने पुलिस कार्रवाई पर संतुष्टि जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पुलिस टीम को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से उन्हें आधा इंसाफ मिला है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
कैराना रोड पर हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, शामली के कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास 31 अगस्त को शामली पुलिस, थाना झिंझाना और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया था. इसी दौरान अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दोनों शार्प शूटरों से पुलिस का सामना हुआ. पुलिस का कहना है कि बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की. गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दो पुलिसकर्मी घायल, हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हो गए. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और 15 खोखा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक बैग, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद भी बरामद होने की जानकारी दी गई है. पुलिस के अनुसार, मोहित पर पहले से 14 और सुमित पर एक आपराधिक मामला दर्ज था.
पिता बोले- 'अच्छा काम हुआ, अभी पूरा इंसाफ बाकी'
एनकाउंटर के बाद अंकित बालियान के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने कहा कि पुलिस ने अच्छा काम किया है और उन्हें इस कार्रवाई से संतुष्टि मिली है. उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें आधा इंसाफ मिला है और पूरा इंसाफ मिलना अभी बाकी है. पिता ने मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाना चाहिए और सभी दोषियों तक पुलिस को पहुंचना चाहिए.
पत्नी की चेतावनी के बाद बढ़ा था कार्रवाई का दबाव
अंकित बालियान की हत्या के बाद परिवार लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा था. मृतक की पत्नी ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी, जबकि पिता की ओर से महापंचायत बुलाने और आंदोलन तेज करने की बात भी कही गई थी. पुलिस जांच में इस हत्याकांड में चार शूटर और रेकी करने वाले दो लोगों समेत कुल छह लोगों की भूमिका सामने आने की बात कही गई है. दो आरोपियों के एनकाउंटर के बाद अब पुलिस की नजर मामले में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी करने पर है.
यह भी देखें: राम मंदिर के नाम मिला 4 करोड़ का चेक, बैंक पहुंचते ही सामने आया ऐसा राज कि हर कोई रह गया हैरान, बैंक भेजेगा नोटिस
