Rajpal Yadav Shahjahanpur News: फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के पैतृक गांव से जुड़े जमीन विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है. शाहजहांपुर में बंडा थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया हरीशचंद्र में रविवार रात एक खेत में बनी छप्परपोश झोपड़ी जलकर राख हो गई. पीड़ित परिवार ने सीधे राजपाल यादव के तीन सगे भाइयों श्रीपाल यादव, राजेश यादव और सत्यपाल यादव पर गाड़ी से आकर आग लगाने का आरोप लगाया है. घटना का वीडियो भी गांव में तेजी से वायरल हो रहा है.
दवा लेने गया था किसान, पीछे बच्चों के सामने लगा दी आग
यह मामला रविवार रात करीब 10 बजे का है शिकायतकर्ता प्रदीप यादव पुत्र रामपाल निवासी पिपरिया हरीशचंद्र ने बंडा थाने में तहरीर दी है. प्रदीप का कहना है कि वह दवा लेने के लिए बंडा कस्बा गए थे, खेत पर उनके छोटे-छोटे बच्चे मौजूद थे. आरोप है कि इसी दौरान श्रीपाल, राजेश और सत्यपाल यादव अपने वाहन से खेत पर पहुंचे और लाठी-डंडों से धमकाते हुए झोपड़ी में आग लगा दी. देखते ही देखते झोपड़ी में रखा चारपाई, कपड़े, अनाज और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया. बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे.
17 साल पुरानी रजिस्ट्री को लेकर है रगड़ा
गांव में चर्चा है कि यह पूरा विवाद करीब डेढ़ बीघा खेत को लेकर है. प्रदीप यादव का आरोप है कि राजपाल यादव के भाई राजेश यादव ने उनके परिवार से कुछ हिस्सा खरीदा था, लेकिन अब पूरे खेत पर कब्जा करने का दबाव बनाया जा रहा है. इसी को लेकर कई महीनों से दोनों पक्षों में तनातनी चल रही है.
वहीं दूसरे पक्ष का दावा बिल्कुल अलग है. श्रीपाल यादव ने बताया कि विवादित जमीन उनके भाई राजेश यादव के नाम 17 साल पहले ही रजिस्ट्री है. कुछ दिन पहले प्रदीप पक्ष ने जबरन खेत पर झोपड़ी डाल ली थी, जिसकी शिकायत बंडा पुलिस से की गई थी. जब एक बाहरी खरीदार ने जमीन के कागज चेक कराए तो बैनामा राजेश के नाम निकला, तब से प्रदीप पक्ष ने खुद ही झोपड़ी में आग लगाकर उन्हें फंसाने की साजिश रची है. सच क्या है, पैमाइश के बाद ही पता चलेगा.
पुलिस बोली- जांच जारी
शाहजहांपुर के बंडा थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से प्रार्थना पत्र मिला है. मौका मुआयना कर लिया गया है. राजस्व टीम से पैमाइश कराने के बाद ही स्पष्ट होगा कि खेत किसका है और आग किसने लगाई. फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद में हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में भीषण आग, धुएं का गुबार उठते ही बाहर भागे सैकड़ों मजदूर
