'प्रियंका गांधी के चेहरे पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव, सपा लड़ाई में नहीं', कद्दावर नेता पीएल पुनिया का बड़ा बयान

priyanka gandhi latest news: पीएल पुनिया ने दावा किया कि प्रियंका गांधी ही हमारा एक चेहरा होंगी, जिनके इर्द-गिर्द पूरा चुनाव प्रचार अभियान चलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों में लखीमपुर खीरी घटना और किसानों के लिए न्याय महत्वपूर्ण मुद्दे होंगे

कांग्रेस की चुनाव प्रचार अभियान समिति के नवनियुक्त प्रमुख पी. एल. पुनिया ने रविवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाद्रा उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा होंगी और वह अभी राज्य में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक शख्सियत हैं. पुनिया ने कहा कि कांग्रेस बहुत विरले ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा करती है और अभी तक इसकी घोषणा नहीं करने से पार्टी की संभावनाओं पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि उसके पास भाजपा के खिलाफ प्रचार अभियान की कमान संभालने के लिए प्रियंका गांधी जैसी शख्सियत हैं.

पुनिया ने आगे कहा, ‘लोग मुख्यमंत्री पद के लिये चेहरे के बारे में बात करते हैं क्योंकि उसी चेहरे पर वोट मांगते हैं लेकिन हमारे लिए सबसे बड़ा चेहरा प्रियंका गांधी हैं और जो प्यार लोगों ने उन्हें दिया है, उसकी ऐसे किसी भी व्यक्ति से तुलना नहीं की जा सकती, जिसका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित किया गया हो. हमारे पास ऐसी शख्सियत है जो हर तरीके से चुनाव में हमारी मददगार होंगी.’

पुनिया को उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को कांग्रेस की अहम 20 सदस्यीय चुनाव प्रचार अभियान समिति का प्रमुख नामित किया गया है. पुनिया ने एक साक्षात्कार में कहा कि उत्तर प्रदेश चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है क्योंकि समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) दोनों पिछड़ गए हैं और वे अब मुकाबले में नहीं हैं.

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी सभी मुद्दों पर सच के लिए लड़ी हैं और जब लखीमपुर खीरी की घटना हुई तो वह तुरंत पीड़ितों के परिवार से मिलने के लिए रवाना हो गयीं तथा उन्हें सीतापुर में हिरासत में लिया गया. लेकिन वह न्याय के लिए अड़ी रहीं. उन्होंने कहा कि वह अपने संघर्ष में सफल रहीं और पीड़ितों के परिवारों से मिलने के लिए लखीमपुर खीरी और बहराइच गयीं.

कांग्रेस नेता ने कहा कि चाहे सोनभद्र की घटना हो, उन्नाव या हाथरस की घटनाएं हों, प्रियंका गांधी ने न्याय के लिए लड़ाई लड़ी है. उन्होंने कहा, ‘इसलिए लोग और अभी पूरा राज्य उनसे प्रभावित है, कोई भी नेता प्रियंका गांधी से ज्यादा लोकप्रिय नहीं है. जहां तक यह सवाल है कि चुनाव प्रचार अभियान किसके इर्द-गिर्द होगा तो हम सौभाग्यशाली हैं कि प्रियंका गांधी हर समयप्रचार अभियान के लिए उपलब्ध हैं.’

पुनिया ने कहा कि अन्य राज्यों से भी मांग रहती है कि प्रचार अभियान के लिए प्रियंका गांधी आएं और एक या दो सभाएं करें, लेकिन उत्तर प्रदेश में वह चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा, प्रियंका गांधी ही हमारा एक चेहरा होंगी, जिनके इर्द-गिर्द पूरा चुनाव प्रचार अभियान चलेगा.’ उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों में लखीमपुर खीरी घटना और किसानों के लिए न्याय महत्वपूर्ण मुद्दे होंगे.

Also Read: UP Election 2022: यूपी चुनाव से पहले ही सपा ने पार किया 300 सीटों का आंकड़ा, अखिलेश यादव ने समझाया पूरा गणित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >