गठबंधन की रैली में बोलीं मायावती - भाजपा ने पिछड़ों के वोट बांटने के लिए सपा प्रमुख के घर में भी डाली डकैती

आजमगढ़ : बसपा प्रमुख मायावती ने बुधवार को भाजपा पर पिछड़े वर्ग के वोट बांटने के लिए विभिन्न बिरादरियों के छोटे-छोटे संगठन बनवाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इसके लिए भगवा दल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के घर में भी डकैती डाल दी है. मायावती ने सपा-बसपा-रालोद की संयुक्त रैली में कहा कि […]

आजमगढ़ : बसपा प्रमुख मायावती ने बुधवार को भाजपा पर पिछड़े वर्ग के वोट बांटने के लिए विभिन्न बिरादरियों के छोटे-छोटे संगठन बनवाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इसके लिए भगवा दल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के घर में भी डकैती डाल दी है.

मायावती ने सपा-बसपा-रालोद की संयुक्त रैली में कहा कि वर्ष 2007 में बसपा द्वारा सामाजिक भाईचारे के आधार पर सरकार बनाये जाने से बौखलायी भाजपा ने अति पिछड़ी जातियों के कुछ ‘स्वार्थी लोगों’ को पकड़ लिया और पिछड़े वर्ग का वोट बांटने के लिए उनकी पार्टियां बनवा दीं. जब लोकसभा और विधानसभा का चुनाव होता है तो भाजपा उनमें से कुछ पार्टियों के उम्मीदवारों को पैसा देकर बैठा देती है या फिर उन्हें एक-दो सीट दे देती है और उसकी आड़ में उनके समाज का वोट लेती है. उन्होंने कहा, अब तो भाजपा ने अखिलेश यादव के घर में भी डकैती डाल दी है. उनके चाचा शिवपाल यादव को तोड़कर उनकी अलग पार्टी बनवायी. जहां-जहां भाजपा के उम्मीदवार खड़े होंगे, वहां सपा के वोट काटने के लिए शिवपाल के उम्मीदवार खड़े कराये. उत्तर प्रदेश में जितनी भी दलित बिरादरियों के छोटे-छोटे संगठन बने हैं, वह भाजपा ने वोट बांटने के लिए बनाये हैं. आप उनसे दूरी बनाये रखें.

मायावती ने कहा कि सपा-बसपा का रिश्ता हमारी संस्कृति और सभ्यता के हिसाब से बना है, मगर गठबंधन की कामयाबी से बौखलायी भाजपा हमारी सभ्यता और संस्कृति पर ही तंज कर रही है. उन्होंने जनता का आह्वान किया कि यहां से अखिलेश यादव नहीं, बल्कि आपकी बहनजी चुनाव लड़ रही हैं. इनको रिकॉर्ड मतों से चुनाव जिताना है. अखिलेश के खिलाफ खड़े भाजपा के उम्मीदवार (दिनेश लाल यादव, निरहुआ) को चुनाव इतनी बुरी तरह हरायें कि यह व्यक्ति भविष्य में उनके आगे कभी चुनाव लड़ने की हिम्मत ना जुटा पाये. मायावती ने कहा कि मोदी ने पिछड़े वर्गों का हक मारने के लिए गुजरात में अपनी जाति को जुगाड़ करके अति पिछड़ी जाति में शामिल कर लिया. सामाजिक न्याय के लिए बना हमारा गठबंधन इनके गले से नहीं उतर रहा है, उन्हें डर है कि इस तरह का गठबंधन देश में कहीं और ना बन जाये.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मौके पर कहा कि आज भाजपा के लोग अपने पुराने वादे याद नहीं कर रहे. अच्छे दिनों की बात नहीं कर रहे हैं. ना किसानों को लागत का डेढ़ गुना मुनाफा मिला और ना ही नौजवानों को रोजगार. करोड़ों लोगों को नौकरी देने की बात कहने वाली भाजपा ने नोटबंदी और जीएसटी का फैसला लेकर करोड़ों नौकरियां खत्म कर दीं. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा, मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि अगर संविधान नहीं होता तो हम भैंस चरा रहे होते. सोचिये वह हमारे बारे में जब ऐसी सोच रखते हैं तो पाल, निषाद, राजभर समाज और दलितों के बारे में क्या सोचते होंगे. अखिलेश ने कहा कि गठबंधन भाजपा को सबक सिखायेगा. पुराने प्रधानमंत्री फेल हो चुके हैं. देश को नया प्रधानमंत्री चाहिए. यही गठबंधन नया प्रधानमंत्री देने जा रहा है.

रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह ने इस मौके पर कहा कि हार के डर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा मुरझा गया है. वह किसी मुद्दे पर बात नहीं करते. ऊल-जुलूल मुद्दे उठाते और गाली-गलौज करते हैं, क्योंकि उन्होंने कुछ काम नहीं किया है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के बारे में जनता के दिल में इज्जत होती है. आप बताइये मोदी सच बोलते हैं कि झूठ? क्या ऐसे आदमी को आप प्रधानमंत्री बनवायेंगे? सिंह ने कांग्रेस का नारा ‘चौकीदार…’ लगवाया. और बाद में ‘तख्त बदल दो ताज बदल दो, इन झूठों की सरकार बदल दो’ का नारा लगवाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >