Punjab News: मुख्यमंत्री नाश्ता योजना समारोह में मुख्य अतिथि होंगे सीएम भगवंत मान, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने दिया निमंत्रण

Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत मान तमिलनाडु जाने वाले हैं. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन 26 अगस्त को मुख्यमंत्री नाश्ता योजना के विस्तार का शुभारंभ करेंगे. इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया है. सांसद पुष्पनाथन विल्सन ने सीएम मान से मुलाकात कर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का आमंत्रण दिया.

  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तमिलनाडु सरकार की मुख्यमंत्री नाश्ता योजना विस्तार समारोह में बनेंगे मुख्य अतिथि
  • तमिलनाडु के राज्यसभा सांसद ने मुख्यमंत्री मान से की मुलाकात, विस्तार कार्यक्रम में शामिल होने का दिया निमंत्रण
  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान चेन्नई में आयोजित तमिलनाडु सरकार के मुख्यमंत्री नाश्ता योजना के विस्तार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

Punjab News: तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद पुष्पनाथन विल्सन ने सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात की और उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओर से इस विशेष समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया. उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को होने वाले इस आयोजन में शहरी क्षेत्रों के सभी सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों तक मुख्यमंत्री नाश्ता योजना के विस्तार की घोषणा की जाएगी. राज्यसभा सांसद से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समारोह में शामिल होना उनके लिए बहुत सम्मान और संतोष की बात होगी.

सीएम मान ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व में तमिलनाडु सरकार की ओर से शुरू की गई विभिन्न प्रगतिशील और कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की. इस पहल पर बोलते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 2022 में शुरू की गई मुख्यमंत्री नाश्ता योजना ने शानदार परिणाम दिए हैं, जिनमें छात्रों की उपस्थिति में सुधार, बच्चों के लिए विशेष शिक्षण सत्र और प्राथमिक विद्यालय के छात्रों में रोग दर में कमी शामिल है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना ने सुनिश्चित किया है कि बच्चे भूखे पेट स्कूल न जाएं, उनकी पोषण स्थिति में सुधार हो, सीखने की क्षमता बढ़े और कामकाजी माताओं का बोझ कम हो. उन्होंने बताया कि अब तक इस योजना से 34,987 स्कूलों के 7.53 लाख छात्रों को लाभ मिला है. भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि ऐसी महत्वाकांक्षी और जन-केंद्रित पहल के विस्तार के अवसर पर शामिल होना उनके लिए गर्व की बात होगी.

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस तरह की योजनाएं समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए समय की आवश्यकता हैं. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श में प्रमुख विषय बनाया है और यह दोनों क्षेत्र सुशासन की आधारशिला हैं.

मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की ओर से निमंत्रण देने के लिए राज्यसभा सांसद का हार्दिक धन्यवाद किया. उन्होंने आगे कहा कि तमिलनाडु, जो सामाजिक और शैक्षिक सुधारों में अपनी अग्रणी भूमिका के लिए जाना जाता है, में एक बड़े शिक्षा सुधार का साक्षी बनना उनके लिए एक अनूठा अनुभव होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >