राउरकेला | जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक 35 वर्षीय युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. युवक शौच के लिए नाले की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसपर हमला किया गया. आनन-फानन में उसे इस्पात जनरल अस्पताल के बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया. यहां उसका इलाज जारी है. घटना सुंदरगढ़ के बणई अनुमंडल के लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के गनिघसा गांव में शनिवार सुबह की है. चार युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया है. हालांकि, उनकी पहचान नहीं हो सकी है.
शौच के लिए जा रहा था युवक, तभी हुआ हमला
पीड़ित कान्हू चरण महांत सुबह शौच के लिए पास के नाले की ओर जा रहे था. इसी दौरान चार युवकों ने उसे रोका. आरोपियों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. उसकी चीखें सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और बचाया. गंभीर हालत में उसे पहले लहुणीपाड़ा अस्पताल ले जाया गया. हालत नाजुक होने के कारण बाद में उसे आइजीएच राउरकेला में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पेट्रोल पंप और जमीन को लेकर विवाद के बाद हमला की आशंका
पीड़ित के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह हमला जमीन विवाद के कारण हुआ है. परिवार के अनुसार, कुछ लोगों ने पेट्रोल पंप के लिए उनकी जमीन को लीज पर दे दिया था. इस मामले की जानकारी कान्हूचरण ने आरटीआइ के जरिये मांगी थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया था. परिवार को आशंका है कि पेट्रोल पंप और जमीन को लेकर हुए इसी विवाद के कारण हमला किया गया. हालांकि पुलिस अभी आरोपों की पुष्टि नहीं कर सकी है.
माचिस, पेट्रोल की बोतल और चप्पल बरामद
घटना की सूचना मिलते ही लहुणीपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से माचिस, पेट्रोल की बोतल और एक जोड़ी चप्पल जब्त किया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे के असल कारण का पता लगाया जा रहा है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.
