Sambalpur News : तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, एक ही परिवार के आठ घायल

Sambalpur News : कुचिंडा अनुमंडल में कुड़ोपाड़ा के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक महिला की मौत हो गयी, जबकि आठ घायल हुए हैं.

Sambalpur News : संबलपुर जिला के कुचिंडा अनुमंडल में महुलपाली थाना अंतर्गत टैंसर गांव में शुक्रवार रात 10:30 बजे धनुयात्रा देखकर घर लौट रहे एक ही परिवार के नौ लोगों को कुड़ोपाड़ा के निकट एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गयी, वहीं आठ लोग घायल हो गये. मृत महिला की पहचान कुड़ोपड़ा गांव की कंचन पटेल (60) के रूप में हुई है. महुलपाली पुलिस ने घटना के बाद फरार चालक सोइडा गांव निवासी टिकन महानंद को गिरफ्तार करने समेत वाहन को जब्त किया है.

टैंसर गांव में धनुयात्रा देखकर लौट रहे थे लोग

जानकारी के अनुसार, कुड़ोपाड़ा गांव के एक ही परिवार के नौ लोग टैंसर गांव में धनुयात्रा देखकर शुक्रवार रात पैदल घर लौट रहे थे. घर से करीब 100 मीटर दूर एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. इसमें सभी नौ लोग घायल हो गये. जिनमें से एक बुजुर्ग महिला कंचन पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. बसंती पटेल, पार्वती पटेल, विलासिनी पटेल, शिवानी पटेल, वंदिता पटेल, कावेरी पटेल, रंजिता डनसेना को कुचिंडा हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद बुर्ला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं रंजिता को बुर्ला से राउरकेला अपोलो हॉस्पिटल रेफर किया गया है.

शव गांव पहुंचने के बाद लोगों में दिखा आक्रोश, रास्त जाम कर किया प्रदर्शन

सूचना पाकर कुचिंडा एसडीएम सर्वानंद सी और एसडीपीओ प्रदीप कुमार दास अस्पताल पहुंचे और घायलों से बात की. महुलपाली थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार किया है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मृत महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मृत महिला का शव गांव पहुंचने के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया. उन्होंने शनिवार करीब दो बजे रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया है, जो समाचार लिखे जाने तक जारी है.

राउरकेला : स्कॉर्पियो से टकराकर बाइक चालक घायल

ब्राह्मणी तरंग थाना अंतर्गत कलुंगा शॉ मिल चौक पर एक बाइक सवार ने एक स्कॉर्पियो में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:00 बजे शॉ मिल चौक के पास एक स्कॉर्पियो खड़ी थी. उसी समय वहां से बाइक लेकर जा रहे एक युवक का संतुलन बिगड़ जाने से उसकी बाइक स्कॉर्पियो से टकरा गयी. पुलिस कार्रवाई के डर से स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गया. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और मामले की जांच कर रही है. घायल युवक का परिचय नहीं मिल पाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >